बेंगलुरु (15 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि योग आज विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बन चुका है। योग ने पूरी दुनिया को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ व्यक्तित्व विकास तथा आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। योग सदियों से हमारी भारतीय जीवन पद्धति का आधार और अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि योग पूरी काया की विश्रांति है। यह सिर्फ़ एक व्यायाम ही नहीं, शरीर, मन और आत्मा को जोड़कर जीवन को संतुलित एवं निरोगी बनाने की पद्धति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर स्वर्ण जयंती समारोह का विधिवत् शुभारंभ किया। एस-व्यासा सोसायटी द्वारा संचालित इस योग विश्वविद्यालय के संचालकों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के जीवन कृतित्व पर प्रकाश डालकर तथा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा, गज प्रतिमा, कर्नाटक की प्रसिद्ध कारीगरी वाली पारम्परिक शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार मध्यप्रदेश को विकास के साथ-साथ संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का भी केंद्र बनाने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के संचालकों को मध्यप्रदेश में अपनी यूनिवर्सिटी का एक कैम्पस (अध्ययन केंद्र) स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं चाहते हैं कि मध्यप्रदेश और प्रशांति कुटीरम के बीच योग, प्राकृतिक चिकित्सा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग के नए रास्ते खुलें। हमारे युवाओं को योग का वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिले। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश में आयुर्वेदिक शिक्षा को बढ़ावा दे रहे हैं। हम अपने युवाओं की असीम ऊर्जा और कौशल को एक सूत्र में पिरोते हुए उन्हें नौकरी मांगने वाला नहीं, वरन् नौकरी देने वाला बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पद्मश्री डॉ. एचआर नागेंद्र जैसे महान वैज्ञानिक और ऋषि-तुल्य व्यक्तित्व ने नासा जैसी प्रतिष्ठित संस्था का त्याग कर अपना सम्पूर्ण जीवन योग और मानवता की सेवा में समर्पित कर दिया। उनकी दूरदर्शिता ने प्राचीन भारतीय योग विद्या को आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर प्रमाणित कर विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। चिकित्सा विज्ञान और योग चिकित्सा के समन्वय में डॉ. आर. नागरत्ना तथा उनके सहयोगी मनीषियों का योगदान अतुलनीय है। इन महापुरुषों के सामूहिक तप से 'प्रशांति कुटीरम्' आज असाध्य रोगों के निवारण और समग्र स्वास्थ्य का वैश्विक केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित है। उनका सपना था कि शिक्षा, चरित्र निर्माण और सेवा के माध्यम से एक सशक्त, आत्मविश्वासी और संवेदनशील समाज का निर्माण हो। यह अवसर केवल एक संस्थान के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव ही नहीं है, यह भारतीय ज्ञान परम्परा, योग साधना, आध्यात्मिक चेतना और मानव कलयाण के लिए समर्पित पांच दशकों की तपस्या का अभिनंदन है। प्रशांति कुटीरम ने योग को आध्यात्मिक अभ्यास से इतर आधुनिक विज्ञान और चिकित्सा अनुसंधान से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया है। डॉ. यादव ने प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती पर संस्थान से जुड़े सभी योग साधकों, योगाचार्यों और सेवाभावियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सबके निःस्वार्थ परिश्रम ने विश्व भर के लाखों योग अनुयायियों के जीवन में आनंद का नया रंग भर दिया है। समारोह को अन्य विद्वतजनों एवं वक्ताओं ने भी संबोधित किया।