Thursday, 26 Nov 2026

माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

धार (25 अक्टूबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरे देश में सिंचाई का क्षेत्र निरंतर बढ़ रहा है। प्रदेश में सरदार सरोवर बांध के बाद अलग-अलग परियोजनाओं के माध्यम से धार-झाबुआ क्षेत्र को पर्याप्त जल उपलब्ध हो रहा है। क्षेत्र के किसानों को 2387.60 करोड़ रूपये से अधिक लागत की नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात मिली है। प्रदेश में वर्ष 2002-03 तक केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी। सिंचाई का रकबा वर्ष 2023 तक सिंचाई रकबा बढ़कर 40 लाख हैक्टेयर हो गया। अब पिछले ढाई साल में हमारी सरकार ने सिंचाई का रकबा 60 लाख हैक्टेयर तक पहुंचाया है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हैक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है। सूखे खेतों को जब पानी मिलता है तो किसानों की फसल सोने जैसे चमकने लगती है। राज्य सरकार कृषि, उद्योग सहित प्रत्येक सेक्टर में काम कर रही है। प्रदेश के किसानों की समृद्धि ही हमारा ध्येय है। किसान कल्याण वर्ष में किसानों के हित में अनेक कार्य हुए हैं। आज प्रदेश के 16 लाख 70 हजार किसानों को दीवाली त्यौहार से पहले 317.86 करोड़ की राशि भेजकर सौगात दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं। अब धार को भी रेलवे लाइन की सौगात मिल चुकी है। इस परियोजना से निमाड़-मालवा क्षेत्र के लगभग 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से दोनों जिलों के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और करीब 72 हजार किसान लाभान्वित होंगे। डॉ. यादव ने कहा कि अमका-झमका माता के स्थान को श्रीकृष्ण पाथेय योजना में शामिल कर तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। धार जिले के इसी स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण ने माता रुकमणि से विवाह किया था। यहां के भगोरिया पर्व को राष्ट्रीय उत्सव का दर्जा दिया गया है। केंद्रीय महिला बाल-विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास सहित हर क्षेत्र में कार्य कर रही है। धार जिले में इस साल वर्षा कम हुई है, ऐसी परिस्थिति में माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि धार, झाबुआ, पेटलावद, थांदला, सरदारपुर को माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के लोकार्पण से सिंचाई के लिए माँ नर्मदा का जल मिलेगा। 

कार्यक्रम में नगरीय निकाय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, विधायक नीना वर्मा, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, विधायक प्रताप ग्रेवाल, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, पूर्व विधायक रंजना बघेल, पूर्व विधायक कलसिंह भाबर, कालू सिंह ठाकूर, नीलेश भारती, चंचल पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा, रणवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!