Thursday, 26 Nov 2026

परिसीमन पर सरकार विफल रही: जयराम रमेश

नईदिल्ली (26 नवंबर 26)। कांग्रेस ने बुधवार को परिसीमन संबंधी विधेयक के मुद्दे को लेकर नरेन्द्र मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 'स्वयंभू चाणक्य' ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए कौटिल्य के 'साम, दाम, दंड, भेद' के सिद्धांत के आखिरी तीन तरीकों का इस्तेमाल किया, लेकिन वह नाकाम रहे।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सवाल किया कि इस सिद्धांत के पहले तरीके यानी संवाद को कोई मौका क्यों नहीं दिया गया ? रमेश ने कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री को पिछले सात महीनों में चार बार (11 अप्रैल, 16 जुलाई, 27 अगस्त और 16 अक्टूबर को) पत्र लिखकर इसी रास्ते का सुझाव दिया है, लेकिन इन पत्रों की सामान्य तौर पर पावती भी नहीं दी गई।' उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकसभा में परिसीमन से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए ''महाकलंकित दो-तिहाई बहुमत'' हासिल करने की बेताबी में 'स्वयंभू चाणक्य' ने 'साम, दाम, दंड, भेद' के सिद्धांत के आखिरी तीन तरीकों का सहारा लिया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

रमेश अक्सर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कटाक्ष करते हुए उन्हें 'स्वयंभू चाणक्य' कहते हैं। कांग्रेस ने सोमवार को दावा किया था कि संसद के सत्र को लेकर जारी अनिश्चितता से संकेत मिलता है कि या तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी अपने ही दावों और बयानबाजी के जाल में फंस गई है या फिर कुछ खतरनाक साजिश चल रही है। कांग्रेस ने पिछले सप्ताह कहा था कि संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 100 दिन हो चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं।

रमेश ने तब कहा था कि देश के हित में यह होगा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल होने तक लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या और राज्यों के लिए सीटों का मौजूदा आवंटन बरकरार रखा जाए तथा महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!