Saturday, 14 Nov 2026

महादेव ऐप मामले में CBI की 6 राज्यों में छापेमारी

नईदिल्ली (15 नवंबर 26)। बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपना शिकंजा और कस दिया है। ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले अहम सुरागों के बाद, CBI ने देश के 6 राज्यों में स्थित 33 ठिकानों पर एक साथ व्यापक तलाशी अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने कई अवैध सट्टेबाजी और जुए के पैनलों को बंद कराते हुए भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और हवाला नेटवर्क व म्यूल बैंक खातों से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं। CBI की यह कार्रवाई पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत कुल 6 राज्यों में की गई है। जिन शहरों में मुख्य रूप से तलाशी ली गई, उनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, रायपुर, दुर्ग, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय रूप से संचालित होते पाए गए, जिन्हें टीम ने तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।

गौरतलब है कि इस सिंडिकेट के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान सल्तनत से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर 2026 को भारत लाया गया था, जिसके बाद CBI ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रायपुर स्थित CBI की विशेष अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था। रिमांड के दौरान एजेंसी ने जुटाए गए डिजिटल और दस्तावेजी सबूतों के आधार पर उससे गहन पूछताछ की, जिसमें उसने प्लेटफॉर्म के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद 12 नवंबर 2026 को उसे पुनः अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार की सिफारिश पर जांच अपने हाथ में लेने के बाद CBI ने इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की थीं। अब तक की जांच से स्पष्ट हुआ है कि इस पूरे सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को विदेश में स्थित मुख्यालय (हेड ऑफिस) से नियंत्रित किया जाता था, जबकि भारत में स्थानीय पैनल ऑपरेटरों का एक बड़ा जाल बिछा था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते थे और सट्टेबाजी से आने वाली अवैध रकम को किराये पर लिए गए या फर्जी नामों से खुलवाए गए 'म्यूल बैंक खातों' में जमा करते थे। इसके बाद मुनाफे की रकम को हवाला चैनलों के जरिए विदेश भेज दिया जाता था।

जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में विदेश में छिपे अन्य फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। इसके अलावा, इस अवैध नेटवर्क को संरक्षण देने वाले लोगों और इसमें शामिल संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। कार्रवाई के साथ ही CBI ने आम नागरिकों को आगाह करते हुए कहा है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ पूरी तरह गैरकानूनी है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति पैसों के लालच में या किसी अन्य कारण से अपना बैंक खाता (म्यूल अकाउंट), सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी दूसरे को उपयोग या किराये पर देता है, तो यह एक गंभीर आपराधिक कृत्य है। ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर संबंधित खाताधारकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!