Wednesday, 25 Nov 2026

मप्र सहित 17 राज्यों में वोटर लिस्ट अपडेट होगी

नईदिल्ली (16 अक्टूबर 26)। भारत निर्वाचन आयोग ने 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम घोषित किया है। इस प्रक्रिया के तहत एक जनवरी 2027 को पात्रता तिथि मानते हुए मतदाता सूचियों को अपडेट किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नए मतदाताओं का पंजीकरण, मौजूदा विवरणों में सुधार और अपात्र प्रविष्टियों की जांच कर मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाना है। आयोग ने 15 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों में संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पुनरीक्षण प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने को कहा है। इस सूची में उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गोवा, मणिपुर, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, लक्षद्वीप और पुडुचेरी शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्था की प्रक्रिया दो नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होगी। मसौदा सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग ने पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान के योग्य होने वाले युवाओं, का नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया है। एक जनवरी 2027 के अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 की आगामी पात्रता तिथियों के लिए भी अग्रिम आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। हालांकि, इन आगामी पात्रता तिथियों से संबंधित आवेदनों का निस्तारण संबंधित तिमाही में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 का इस्तेमाल किया जाएगा। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाता फॉर्म-6ए के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने या मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग होगा। वहीं, पते में बदलाव, व्यक्तिगत विवरण में सुधार, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने के लिए फॉर्म-8 निर्धारित है। मतदाता निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल और ECINET ऐप के माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आधार संख्या देना स्वैच्छिक होगा। केवल आधार उपलब्ध नहीं कराने के आधार पर किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल करने से इनकार नहीं किया जा सकता और न ही किसी मौजूदा प्रविष्टि को हटाया जा सकता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!