नईदिल्ली (11 नवंबर 26)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश के 9 शहरों को राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चुना गया। बुधनी, देपालपुर, देवास और ग्वालियर इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और उज्जैन शहर को यह अवॉर्ड मिला है। कल नई दिल्ली में अवॉर्ड समारोह होगा। यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विज्ञान भवन में सुबह 11 बजे विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की यह सूची केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने जारी की है।
हालांकि स्वच्छता के मामले में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने वाले भोपाल के लिए इस बार निराशाजनक खबर है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की राष्ट्रीय पुरस्कार प्रतिस्पर्धा में राजधानी को जगह नहीं मिली है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था के सामने आदमपुर छावनी में वर्षों से जमा पुराने कचरे का निपटान बड़ी चुनौती बना हुआ है। आदमपुर छावनी में लंबे समय से जमा लीगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) का निपटान अब तक पूरा नहीं हो पाया है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां करीब 5 लाख टन कचरा जमा है। इसके निपटान से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस समस्या के चलते भोपाल की स्वच्छता सर्वेक्षण में भागीदारी प्रभावित हुई है। भोपाल ने वर्ष 2017 और 2018 में स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसके बाद भी शहर ने अपनी रैंकिंग में सुधार जारी रखा और 2024 में एक बार फिर दूसरी रैंक हासिल की। लेकिन इस बार राष्ट्रीय पुरस्कार की प्रतिस्पर्धा में शहर शामिल नहीं हो सका।
इंदौर ने बनाई रखी अपनी पहचान- मध्यप्रदेश के लिए राहत की बात यह है कि इंदौर को सुपर स्वच्छ लीग में स्थान मिला है। वहीं देवास के भी छोटे शहरों की श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन की संभावना जताई गई है।