Thursday, 26 Nov 2026

मप्र का 800वां 132 केवी पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत

सतना (16 नवंबर 26)। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने विंध्य क्षेत्र की पारेषण क्षमता में वृद्धि करते हुए सतना जिले के 132 केवी सबस्टेशन रामपुर बाघेलान में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। साथ ही एमपी ट्रांसको के नेटवर्क में 132 केवी वोल्टेज स्तर का प्रदेश का 800वां पावर ट्रांसफार्मर शामिल हो गया है। उन्होंने इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको के अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई दी है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि रामपुर बाघेलान सबस्टेशन में पूर्व से दो पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील थे। पिछले रबी सीजन में सिंचाई के लिए विद्युत मांग एवं लोड में वृद्धि के कारण यहां अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की आवश्यकता महसूस की गई। इसके मद्देनजर लगभग 7.18 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 50 एमवीए क्षमता का तीसरा पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है। इससे क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग की पूर्ति में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सुविधा होगी। एमपी ट्रांसको सतना के अधीक्षण अभियंता एम.पी. पटेल ने बताया कि कंपनी सतना जिले में अपने आठ अति उच्च दाब सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण कर रही है। इनमें 220 केवी के कोटर एवं सतना तथा 132 केवी के रामपुर बाघेलान, मझगवां, नागौद, सतना, सतना-दो (सोनोरा) एवं उचेहरा सबस्टेशन शामिल हैं।

पटेल ने जानकारी दी कि रामपुर बाघेलान में अतिरिक्त 50 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने के बाद सबस्टेशन की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता 80 एमवीए से बढ़कर 130 एमवीए हो गई है। यह सतना जिले का 21वां ईएचवी पावर ट्रांसफार्मर भी है। साथ ही जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 1536 एमवीए हो गई है। इस अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने के साथ ही प्रदेश में एमपी ट्रांसको के क्रियाशील पावर ट्रांसफार्मरों की कुल संख्या बढ़कर 1061 हो गई है। इनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 तथा 132 केवी स्तर के 800 पावर ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इनकी कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता अब बढ़कर 85,758 एमवीए हो गई है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!