Thursday, 26 Nov 2026

भारत को बांटने की कोशिश, एकजुट रहें: भागवत

जोधपुर (18 नवंबर 26)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भारत को बांटने और लोगों के बीच आपसी टकराव पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इन प्रयासों का मुकाबला करने के लिए समाज से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए यह भी कहा कि छोटी-छोटी पहचानों को बढ़ावा देकर अलगाववाद और विभाजन की भावना पैदा की जा रही है।

भागवत ने रविवार को जोधपुर के पास शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में आरएसएस के चार दिवसीय वाद्य संगीत शिविर 'मरु निनाद 2026' के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का उत्थान पूरी दुनिया के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन कुछ ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत मजबूत बने। उन्होंने कहा, 'भारत सबकी आशाओं का उत्तर है, लेकिन दुनिया में स्थिति अजीब है। कुछ लोग अपने स्वार्थों के कारण भारत को मजबूत नहीं देखना चाहते। वे भारत के बिना रह भी नहीं सकते और भारत के साथ चल भी नहीं सकते। दोनों बातें एक साथ हो रही हैं।' भागवत ने भारतीय समाज में विभाजन पैदा करने के प्रयासों का आरोप लगाते हुए कहा, 'भारत जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, उसे बांटने के प्रयास हो रहे हैं। लोगों को आपस में लड़ाने, छोटी-छोटी पहचानों को बड़ा करके दिखाने, अलगाववाद पैदा करने और टकराव कराने की कोशिशें की जा रही हैं।' आरएसएस प्रमुख ने कहा कि दुनिया भर में आसुरी शक्तियों की राजनीति के जरिये वही काम दोहराया जा रहा है, जो अंग्रेजों ने किया था।

भागवत ने लोगों से अपनी साझा पहचान को याद रखने और एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा, 'आज की स्थिति में हमें अपनी एकता को याद रखना होगा। हमें संगठित रहना होगा, ताकि हमारी शक्ति बनी रहे और धर्म की रक्षा हो सके।' भागवत ने मौजूदा परिस्थितियों को नाजुक बताते हुए कहा कि यदि लोग एकजुट होकर खड़े रहेंगे तो चुनौतियों का सामना कर सकेंगे। इससे समाज और देश मजबूत होंगे तथा मजबूत भारत पूरी दुनिया के कल्याण का माध्यम बनेगा। विदेशी आक्रमणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास में जब भी कोई विदेशी आक्रांता आया, भारतीयों ने एकजुट होकर उसका मुकाबला किया और उसे खदेड़ दिया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!