ढाका (13 नवंबर 26)। बांग्लादेश ने ढाका के गरीब इलाकों की रिकॉर्डिंग कर उन्हें भारतीय दृश्य बताकर पेश करने के आरोपी चीनी नागरिकों के खिलाफ बांग्लादेश द्वारा निगरानी बढ़ाए जाने के बाद उन्होंने इस तरह की गतिविधियां संभवत: कम कर दी है। भारत ने बांग्लादेश के समक्ष इस बात को लेकर चिंता जताई थी कि उसे बदनाम करने के लिए बांग्लादेश की जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बाद स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी और अब आरोपी चीनी नागरिकों की गतिविधियों में कमी आई है। 'प्रोथोम आलो' अखबार की बृहस्पतिवार की रिपोर्ट के अनुसार उत्तरा पश्चिम के थाना प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के हस्तक्षेप के बाद चीनी व्लॉगर की गतिविधियां कम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने इन चीनी नागरिकों पर निगरानी बढ़ा दी है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है।
बांग्लादेशी मीडिया की खबरों के अनुसार, करीब 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में सक्रिय थे। वे संकरी गलियों और कम आय वाले लोगों की बस्तियों के वीडियो बनाकर चीनी सोशल मीडिया पर उनका सीधा प्रसारण कर रहे थे। वे इन इलाकों को नयी दिल्ली के इलाकों के रूप में पेश करते थे और वहां के निवासियों की जीवनशैली के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करते थे। इन 'व्लॉगर' ने लोगों के घरों और उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों को फिल्माया। कई बार तो वे लोगों के घरों के अंदर तक घुस जाते थे, जबकि वहां रहने वालों को यह भी नहीं पता होता था कि यह फुटेज कहां अपलोड की जा रही है या उन्हें किस तरह से दिखाया जा रहा है। आशंका है कि यह सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा था। 'प्रोथोम आलो' की खबर में कहा गया, 'उनकी गतिविधियों पर पुलिस की कोई निगरानी नहीं थी। हर दिन 100 से अधिक व्लॉगर इस तरह के वीडियो बना रहे थे। वे इस काम के लिए बांग्लादेशी नागरिकों को पैसे भी देते थे।'
भारत के विदेश मंत्रालय ने 10 नवंबर को भारत को बदनाम करने के लिए 'झूठे विमर्श' फैलाने वाले चीनी व्लॉगर के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। खबर के मुताबिक, इस मामले पर विवाद बढ़ने के बाद चीनी नागरिकों से उनके पासपोर्ट और वीजा पेश करने तथा यह बताने को कहा गया कि वे पर्यटक वीजा पर बांग्लादेश आने के बावजूद ऐसी गतिविधियां क्यों कर रहे थे। पुलिस के हवाले से खबर में कहा गया कि उन्हें यह भी निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रवास की अनुमति की अवधि खत्म होने के बाद अपने देश लौट जाएं। हालांकि, यह तत्काल स्पष्ट नहीं है कि चीनी नागरिकों की गतिविधियों की औपचारिक जांच शुरू की गई है या वीजा शर्तों के कथित उल्लंघन के लिए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है।