Wednesday, 18 Nov 2026

भारत की अर्थव्यवस्था ने रचा इतिहास: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर (12 नवंबर 26)। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को डैड इकोनॉमी बताए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आर्थिक प्रगति पर सवाल उठाने और निराशा फैलाने की बजाय विपक्ष को जमीनी हकीकत स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि अक्तूबर, 2026 में देश का सकल जीएसटी संग्रह 2.31 लाख करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि से 22.9 प्रतिशत अधिक है।

इसी अवधि में 15.621 करोड़ ई-वे बिल का जारी होना देश में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और माल की आवाजाही का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि नवम्बर, 2026 में दीवाली के अवसर पर देशभर में 7 लाख करोड़ से अधिक का ऐतिहासिक कारोबार हुआ। इस दौरान छोटे व्यापारियों, पारंपरिक बाजारों और टियर-3 शहरों की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि भारतीय उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मजबूत दौर में अर्थव्यवस्था को मृत बताना देश के मेहनतकश नागरिकों, व्यापारियों व उद्यमियों के योगदान का अपमान है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर, 2026 के अंतिम सप्ताह तक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 717 अरब डॉलर से अधिक के मजबूत स्तर पर बना हुआ है। इसके साथ ही नियंत्रित महंगाई और मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार वैश्विक आर्थिक चुनौतियों से निपटने में देश की क्षमता को और मजबूत करते हैं।

ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि संरचनात्मक आर्थिक सुधारों, पारदर्शी प्रशासन व डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार ने भारत को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित किया है। यह सफलता 140 करोड़ देशवासियों, करदाताओं, किसानों व श्रमिकों के सामूहिक परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ता रहेगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!