Thursday, 26 Nov 2026

बिहार में पहले चरण का प्रचार खत्म, कल मतदान

पटना (05 नवंबर 25)। बिहार में 121 विधानसभा सीटों पर प्रथम चरण में 06 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार शाम प्रचार का शोर थम गया और अब प्रत्याशी जनसम्पर्क के जरिए वोट जुटाने में लग गए हैं।

पहले चरण के चुनाव में राष्ट्रीय जनतंत्रिक गठबंधन (राजग) से जिन दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, उनमें दोनों उप मुख्यंमत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, 15 मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पाण्डे, मदन सहनी, नितिन नवीन, महेश्वर हजारी, सुनील कुमार, रत्नेश सदा, केदारप्रसाद गुप्ता, सुरेन्द्र मेहता, संजय सरावगी, डॉ. सुनील कुमार, जिवेश कुमार, राजू कुमार सिंह और कृष्ण कुमार मंटू के अलावा बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, रामकृपाल यादव, श्याम रजक, अनंत सिह, अमरेन्द्र पांडेय, हरिनारायण सिंह, उमेश कुशवाहा और श्रेयसी सिंह शामिल हैं। इसी तरह महागठबंधन से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के अलावा अवध बिहारी चौधरी, डॉ. रामानंद यादव, वीणा देवी, ललित कुमार यादव, विजेन्द्र चौधरी, रेणु कुशवाहा, खेसारीलाल यादव, आलोक मेहता, भाई वीरेन्द्र, अनिरूद्ध यादव, अवधेश राय के नाम शामिल है। इसके अलावा तेजप्रताप यादव, आईपी गुप्ता, शिवदीप लांडे, आनंद मिश्रा, वीकेरवि, जयप्रकाश सिंह, आरकेमिश्रा, रामनारायण सिंह, पुष्पम प्रिया, केसी सिन्हा समेत अन्य की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है।

प्रथम चरण में 121 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान में 06 नवंबर को 45341 मतदान केंद्रों पर तीन करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 122 महिला और 1192 पुरुष प्रत्याशी समेत कुल 1314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद कर देंगे। मतदाताओं में एक करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, एक करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिला और 758 तीसरे जेंडर के लोग शामिल हैं। पहले चरण के चुनाव में सबसे अधिक 20 उम्मीदवार कुढ़नी और मुजफ्फरपुर में वहीं भोरे, अलौली और परबत्ता में सबसे कम पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!