Friday, 27 Nov 2026

बिश्नोई गैंग ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर की फायरिंग

मुंबई (19 अक्टूबर 26)। मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर वापस लौट रहे थे। इस पूरी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि महज 5 सेकंड के भीतर टाइगर की गाड़ी की ओर 5 राउंड गोलियां दागी गईं, जिनकी आवाज साफ सुनी जा सकती है। इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ली है।

पुष्पा पार्क के पास कार पर दागीं 3-4 राउंड गोलियां प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास उस समय हुई जब अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक ग्राउंड से अपनी कार में बाहर निकल रहे थे। वहां मौजूद लोगों की भीड़ के बीच से हमलावरों ने अचानक उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के वक्त मौके पर अभिनेता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस हमले में अभिनेता टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी है और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, फायरिंग में उनके ड्राइवर और पास खड़े एक स्थानीय ऑटो-रिक्शा चालक को गोलियां लगी हैं और वे घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात के बाद अनिल पंडित और अनमोल बिश्नोई के नाम वाले सोशल मीडिया अकाउंट से एक धमकी भरा पोस्ट वायरल हुआ। पोस्ट में दावा किया गया कि इस हमले की जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं। वायरल पोस्ट में लिखा गया: 'जय महाकाल, जय श्री राम। राम राम जी सभी भाइयों को... जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है, इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं। इसको हमने कॉल करके समझाया था मगर इसको समझ नहीं आया, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह समझा दिया। जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा।' दिल्ली पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा वह अपराधी है, जो विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक नेटवर्क चलाता है। 

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घटना के समय मौके पर मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति को उसके कपड़ों की पहचान के आधार पर हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से सघन पूछताछ कर रही है। मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर रही है। जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक संदिग्ध की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर की गई, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए मुंबई पुलिस की 8 टीमों को अलग-अलग जगहों पर रवाना किया गया है। संभावित संदिग्धों के शहर छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए कुर्ला, बांद्रा, कल्याण और दादर रेलवे स्टेशनों पर विशेष टीमें भेजी गई हैं।


Tags: