Friday, 27 Nov 2026

बिरसा मुंडा की जयंती पर शहरों में होगे समारोह

भोपाल (11 नवंबर 26)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) के अवसर पर राज्य सरकार आगामी 14, 15 एवं 16 नवम्बर को त्रिदिवसीय जयंती समारोह मनाने जा रही है। इसके तहत राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में 14 नवम्बर को जबलपुर, 15 नवम्बर को धार एवं जोबट (जिला आलीराजपुर) और 16 नवम्बर को खंडवा जिले में राज्य स्तरीय भव्य आयोजन होने जा रहा है। धार जिले में 15 नवम्बर को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम में जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव 15 नवम्बर को धार पहुंचेगें तथा भगवान बिरसा मुंडा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले में रोड शो भी करेंगे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्रीय ग्रामीणों के बीच जायेंगे और उनसे संवाद कर शासकीय योजनाओं के लाभ प्रदाय का फ़ीडबैक भी लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व अधिकार पंजीयन) के तहत पात्र पट्टेधारियों के प्लॉट और मकान की रजिस्ट्री का अपने समक्ष निष्पादन भी करायेंगे। साथ ही धार जिलेवासियों को करोड़ों की लागत के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। भगवान बिरसा मुंडा जयंती को और भी विशेष बनाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव 15 नवम्बर को ही 'डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट' का लोकार्पण कर धार और आलीराजपुर जिले के किसानों को खेतों में सिंचाई के लिये नर्मदा जल का अनुपम उपहार देंगे।

प्रदेश के जनजातीय अंचलों में विकास की नई इबारत लिखने और किसानों के खेतों में टेल एंड तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार का एक और महत्वपूर्ण प्रयास अब धरातल पर उतरने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 15 नवम्बर को जनजातीय बहुल धार जिले के पुलिस ग्राउंड डही में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन में नव निर्मित 'डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना' का लोकार्पण करेंगे। मां नर्मदा के जल से खेतों को सिंचित करने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना धार और आलीराजपुर 2 जिलों के कुल 126 गांवों के किसानों के लिए खेती-किसानी की समृद्धि और नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। 

परियोजना का लाभ सिंचाई सुविधा तक ही सीमित न रहे, बल्कि किसान आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाकर अपनी आय भी बढ़ा सकें, इस उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। धार में जनजातीय गौरव दिवस समारोह स्थल पर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से रूबरू कराने के लिए ‘स्मार्ट किसान एवं प्रेसिजन फार्मिंग’ विषय पर विशेष लाइव प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित किया जाएगा। 

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह के अतिरिक्त जिलों में भी विभिन्न कार्यकम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स तथा जनजातीय कार्य एवं अनूसूचित जाति विकास विभाग के जिलाधिकारियों को 88 जनजातीय विकासखंडों में 'जनजातीय गौरव दिवस' के विभिन्न आयोजनों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। शासन ने सभी विभागीय हाई स्कूलों, हायर सेकंडरी स्कूलों, विशिष्ट विद्यालयों सहित छात्रावास एवं आश्रम शालाओं में 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभागीय विद्यालयों में 16 से 18 नवम्बर तक भगवान बिरसा मुंडा की गौरव गाथा/देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान पर केंद्रित सांस्कृतिक/साहित्यिक कार्यक्रम तथा जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन करने को भी कहा है।

Tags: