लंदन (15 नवंबर 26)। क्या आपकी रसोई में ही छिपा है शुगर, हार्ट और हाई बीपी जैसी बीमारियों को काबू करने का राज? जिस चीज को हम रोज सिर्फ पेट भरने के लिए खाते हैं, वही सेहत के लिए दवा जैसा काम कर सकती है! वैज्ञानिकों ने एक ऐसा अनोखा फॉर्मूला बताया है, जिसमें न कोई नई गोली है और न ही कोई महंगा इलाज, बल्कि आपकी थाली में मौजूद कुछ खास चीजें हैं। आखिर क्या है यह 'भोजन ही दवा है' का फार्मूला और कैसे बदल सकता है यह आपकी सेहत का गणित?स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक भोजन कितना जरूरी है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। लेकिन अब वैज्ञानिक शोध इस विचार को एक नई दिशा दे रहे हैं।
दुनिया में 'फूड इज मेडिसिन' यानी 'भोजन ही दवा है' की अवधारणा पर तेजी से काम हो रहा है। इसके तहत मरीजों को उनकी बीमारी और पोषण संबंधी जरूरतों के अनुसार विशेष आहार उपलब्ध कराया जाता है, ताकि बीमारियों की रोकथाम के साथ उनके प्रबंधन और उपचार में भी मदद मिल सके। मिसिसिपी विश्वविद्यालय की शोधकर्ता मीगन रोसेन्थल और नताली मिंटन के अनुसार, वैज्ञानिक अध्ययनों में इस बात के पर्याप्त प्रमाण मिले हैं कि खानपान का स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ता है। संतुलित और पौष्टिक आहार टाइप-2 मधुमेह, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद हो सकता है। 'फूड इज मेडिसिन' को 'फूड ऐज मेडिसिन' और 'फूड प्रिस्क्रिप्शन' भी कहा जाता है। इस पहल के तहत चिकित्सक मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के अनुसार फल, सब्जियां और प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ लेने की सलाह देते हैं। कई कार्यक्रमों में मरीजों को पौष्टिक खाद्य पदार्थों से भरे डिब्बे, किराने का सामान खरीदने के लिए वाउचर और उनकी बीमारी के मुताबिक तैयार भोजन भी उपलब्ध कराया जाता है। इसका उद्देश्य केवल मरीजों की भूख मिटाना नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य में सुधार करना और इलाज पर होने वाले खर्च को कम करना भी है। खासतौर पर उन लोगों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है, जिनके पास पर्याप्त और पौष्टिक भोजन खरीदने के साधन नहीं हैं।
खाद्य असुरक्षा आज दुनिया की बड़ी चुनौतियों में शामिल है। अमेरिका में 2024 के दौरान 4.7 करोड़ से अधिक लोग ऐसे परिवारों में रह रहे थे, जहां पर्याप्त भोजन उपलब्ध नहीं था। इनमें 73 लाख बच्चे भी शामिल थे। दुनियाभर में लगभग 67.3 करोड़ लोग भुखमरी का सामना कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है, क्योंकि वहां किराने की दुकानों की कमी और शहरों से अधिक दूरी के कारण लोगों को पौष्टिक खाद्य पदार्थ आसानी से नहीं मिल पाते।ऐसे में 'भोजन ही दवा है' कार्यक्रम जरूरतमंद परिवारों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य की देखभाल का माध्यम भी बन रहे हैं। हालांकि भोजन को दवा के रूप में इस्तेमाल करने का विचार नया नहीं है। नागरिक अधिकार कार्यकर्ता और चिकित्सक डॉ. जैक गीगर उन शुरुआती लोगों में शामिल थे, जिन्होंने इस दिशा में काम किया। उन्होंने 1960 के दशक में दक्षिण बोस्टन और मिसिसिपी डेल्टा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना में सहयोग दिया था। जब सरकारी अधिकारियों ने मिसिसिपी डेल्टा में मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने की चिकित्सकीय सलाह लिखने पर उनकी आलोचना की, तो गीगर ने जवाब दिया था कि कुपोषण का सबसे सटीक इलाज भोजन ही है। इसके बाद कम्युनिटी सर्विंग्स और प्रोजेक्ट ओपन हैंड जैसे हजारों सामुदायिक संगठनों ने जरूरतमंद लोगों तक पौष्टिक भोजन पहुंचाने का काम किया।
अमेरिका में 'भोजन ही दवा है' की अवधारणा को हाल के वर्षों में नया प्रोत्साहन मिला है। हालांकि, यह पहल औपचारिक रूप से 'मेक अमेरिका हेल्दी अगेन' अभियान का हिस्सा नहीं है, लेकिन अमेरिकी स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्री रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर ने इस विचार की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।वर्ष 2023 में अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने शोधकर्ताओं और चिकित्सकों का एक सलाहकार समूह गठित किया था। इस समूह ने माना कि पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने वाले कार्यक्रम पुरानी बीमारियों की रोकथाम और उनके प्रबंधन में मददगार हो सकते हैं। रॉकफेलर फाउंडेशन ने 2025 में शोधकर्ताओं, नीतिगत विशेषज्ञों और इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की बैठक आयोजित करने में सहयोग दिया। इसमें 'फूड इज मेडिसिन ग्लोबल अलायंस' की स्थापना हुई। इसका लक्ष्य 2030 तक दुनिया के विभिन्न देशों में ऐसे कार्यक्रमों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और उनके लिए दीर्घकालिक वित्तीय व्यवस्था विकसित करना है। 'भोजन ही दवा है' कार्यक्रमों के प्रभाव को लेकर किए गए शोध में भी उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। एक बड़े शोध विश्लेषण में ऐसे 14 परीक्षणों का अध्ययन किया गया। इसमें पाया गया कि इन कार्यक्रमों से लोगों के खानपान की गुणवत्ता और पर्याप्त भोजन की उपलब्धता में सुधार हुआ। मधुमेह के मरीजों पर किए गए एक अन्य शोध विश्लेषण में पाया गया कि ऐसे कार्यक्रमों से फल और सब्जियों का सेवन बढ़ा तथा रक्त शर्करा के स्तर में कमी आई।
इस पहल के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक पौष्टिक भोजन की नियमित उपलब्धता और उसकी कीमत है। मौसम में बदलाव और वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था में बाधाओं के कारण अनाज तथा वनस्पति तेल जैसी जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।होर्मुज जलडमरूमध्य से ईंधन और अन्य सामान की आपूर्ति में देरी जैसे वैश्विक घटनाक्रम भी खाद्य आपूर्ति को प्रभावित कर सकते हैं। कुछ देशों में खाना पकाने के तेल की कमी भी देखने को मिली है। ऐसे में शोधकर्ताओं के लिए यह समझना जरूरी है कि अलग-अलग देशों और ग्रामीण क्षेत्रों की परिस्थितियों के अनुसार इन कार्यक्रमों को किस तरह प्रभावी बनाया जाए।