Friday, 27 Nov 2026

बहरीन में 64 शिया मुसलमानों को उम्रकैद की सजा

मनामा (19 नवंबर 26)। ईरान के साथ युद्ध के बीच बहरीन में शिया समुदाय के खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई हुई है। राजधानी मनामा की अदालत ने 64 शिया मुसलमानों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। ब्रिटेन स्थित मानवाधिकार संगठन बहरीन इंस्टीट्यूट फॉर राइट्स एंड डेमोक्रेसी (BIRD) के मुताबिक सजा पाने वालों में 47 मौलवी भी शामिल हैं। इन पर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े कथित आतंकवादी संगठन बनाने और देश की शासन व्यवस्था बदलने की साजिश रचने का आरोप है। हालांकि, मानवाधिकार संगठनों ने मुकदमे की निष्पक्षता और आरोपियों से कथित दुर्व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।  इसके अलावा पांच अन्य लोगों को 15 साल जेल की सजा सुनाई गई है। बहरीन के एडवोकेट जनरल ने सजा की पुष्टि की है, हालांकि अभियुक्तों की संख्या और उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

BIRD के मुताबिक, उम्रकैद पाने वालों में शेख मोहम्मद सनकौर और शेख अली अल-सदादी भी हैं, जो दुराज की इमाम अल-सादिक ग्रैंड मस्जिद में शुक्रवार की नमाज पढ़ाते थे। इसके अलावा रास रुम्मान की ग्रैंड मस्जिद के इमाम सैयद मूसा अल-अलवदाई को भी सजा सुनाई गई है। सरकारी अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपियों ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े एक आतंकवादी संगठन की स्थापना की थी। उन पर संविधान के प्रावधानों को निलंबित करने, बहरीन की शासन व्यवस्था बदलने और आतंकवादी गतिविधियों के लिए लोगों को उकसाने का आरोप लगाया गया। अभियोजन पक्ष का यह भी आरोप था कि आरोपी ईरान की शासन व्यवस्था का आधार मानी जाने वाली 'विलायत-ए-फकीह' विचारधारा को बढ़ावा दे रहे थे। इस विचारधारा के तहत सर्वोच्च धार्मिक नेता को शासन की सर्वोच्च सत्ता हासिल होती है। इस मामले में 13 अन्य आरोपियों पर उनकी गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाया गया। इनमें निर्वासित शिया धर्मगुरु शेख ईसा कासिम भी शामिल हैं। उन्हें आयतुल्लाह का धार्मिक दर्जा प्राप्त है और बहरीन के शिया समुदाय का आध्यात्मिक नेता माना जाता है। बहरीन के अधिकारियों का कहना है कि इन 13 आरोपियों में से ज्यादातर ईरान में हैं। BIRD के मुताबिक, उम्रकैद पाने वाले 64 आरोपियों में से 56 को मई और जून में गिरफ्तार किया गया था। अन्य नौ लोग धर्मगुरुओं से जुड़े थे और धार्मिक पाठ करने जैसे कार्यों में शामिल थे। इन सजाओं को लेकर मानवाधिकार संगठनों ने बहरीन सरकार की आलोचना की है। बीआईआरडी ने आरोप लगाया कि मुकदमे के दौरान कई अभियुक्तों को यातनाएं दी गईं और दबाव डालकर उनसे कबूलनामे हासिल किए गए।

संगठन ने बचाव पक्ष पर कड़ी पाबंदियां लगाए जाने का भी दावा किया है। BIRD, ह्यूमन राइट्स वॉच और एमनेस्टी इंटरनेशनल समेत 20 मानवाधिकार संगठनों ने पिछले सप्ताह एक खुला पत्र जारी कर यातना के आरोपों की जांच की मांग की थी।संगठनों के अनुसार, आरोपियों को लंबे समय तक खड़े रहने के लिए मजबूर किया गया, उनकी आंखों पर पट्टी बांधी गई और हथकड़ियां लगाई गईं। उन्हें सोने नहीं दिया गया और उनके परिवारों के खिलाफ शारीरिक तथा यौन हिंसा की धमकियां भी दी गईं। कुछ आरोपियों पर ऐसे लंबे बयानों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया, जिन्हें उन्हें पढ़ने तक नहीं दिया गया।  बहरीन सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ उनके धार्मिक विचारों के कारण कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि उन्हें आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के सबूतों के आधार पर दोषी ठहराया गया है। सरकार के मुताबिक, जांच के दौरान जब्त किए गए दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और रिकॉर्ड किए गए भाषण अहम सबूत थे। प्रवक्ता ने दावा किया कि सभी आरोपियों को कानूनी अधिकार और सुरक्षा दी गई तथा उन्हें परिवारों से संपर्क और स्वास्थ्य सुविधाओं की अनुमति भी मिली।

Tags: