Friday, 27 Nov 2026

फ्रांस में भड़का जनाक्रोश, फूंक दिया टाउन हॉल

लिमोज (19 अक्टूबर 26)। फ्रांस में महंगाई, बढ़ते जीवन-यापन के खर्च और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़ी नाराजगी के बीच देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान कई जगह हिंसा भड़क उठी। इस दौरान मध्य फ्रांस के लिमोज शहर में स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में आग लगा दी गई। आग इतनी भीषण थी कि इमारत की छत निचली मंजिलों पर गिर गई और घंटाघर भी ढह गया। अधिकारियों के अनुसार, इमारत का बड़ा हिस्सा नष्ट हो चुका है। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, लिमोज में टाउन हॉल के बाहर पहले पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले किया गया। इसके बाद कुछ नकाबपोश लोगों ने इमारत की खिड़कियां तोड़ीं, अंदर प्रवेश किया और आग लगा दी। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को तैनात किया गया। रविवार तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन ऐतिहासिक इमारत को भारी नुकसान पहुंच चुका था।

पेरिस और मार्सिले सहित देश भर के शहरों में हुए दंगों और हिंसक झड़पों के बाद 2000 लोगों को हिरासत में लिया गया है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश को संबोधित करते हुए जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाने और उन्हें सजा देने का संकल्प लिया है। लिमोज का टाउन हॉल 19वीं सदी की ऐतिहासिक इमारत है। इसका निर्माण 1879 में शुरू हुआ था और 14 जुलाई 1883 को इसका उद्घाटन किया गया था। यानी यह इमारत लगभग 143 साल पुरानी है। क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख मौरिस बारात ने एएफपी को बताया कि छत निचली मंजिलों पर गिर गई और इमारत के बाहरी हिस्से का लगभग दो-तिहाई भाग नष्ट हो गया। अधिकारियों ने नुकसान को ऐतिहासिक विरासत के लिए बड़ी त्रासदी बताया है।

इमारत का पुराना हिस्सा अंदर से लगभग पूरी तरह नष्ट हो गया, जबकि पीछे स्थित आधुनिक प्रशासनिक हिस्से को दमकलकर्मियों ने बचा लिया। यह घटना ऐसे समय हुई, जब फ्रांस के कई शहरों में बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन के खर्च के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे थे। पेरिस, मार्सेई, बोर्डो और अन्य शहरों में भी हिंसक घटनाएं, दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट की खबरें सामने आईं। रॉयटर्स और एपी की रिपोर्टों के अनुसार, देशभर में करीब 5.5 लाख लोगों ने प्रदर्शनों में हिस्सा लिया। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरां नुनेज ने रविवार को बताया कि हिंसा के सिलसिले में लगभग 1,800 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अकेले पेरिस में 855 गिरफ्तारियां हुईं। पुलिसकर्मियों के घायल होने और दुकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आईं। 

लिमोज के महापौर गिलॉम गेरां ने टाउन हॉल में हुई तबाही की निंदा करते हुए कहा कि विरोध और अपनी मांगें उठाना लोगों का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों ने आगजनी और अन्य हिंसक घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी हिंसा की निंदा की है। देशभर में हुए नुकसान के बाद सरकार के सामने प्रदर्शनकारियों की मांगों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है। 

Tags: