नईदिल्ली (14 दिसंबर 25)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने रविवार को संगठनात्मक स्तर पर अहम फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट (राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष) नियुक्त किया है। इस फैसले की घोषणा पार्टी की पार्लियामेंट्री कमिटी ने की। नितिन नबीन की नियुक्ति को संगठन में युवा नेतृत्व को मजबूती देने और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की रणनीति को धार देने के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा, 'भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को तत्काल प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।' भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नबीन को इस पद के लिए चुना है।
नितिन नबीन की नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने संदेश में नितिन नबीन को एक युवा, मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता बताया। उन्होंने लिखा कि नितिन नबीन के पास संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव है और बिहार में विधायक तथा कई कार्यकाल तक मंत्री रहने के दौरान उनका रिकॉर्ड सराहनीय रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन ने हमेशा लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी लगन से काम किया है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि नितिन नबीन अपने विनम्र स्वभाव और जमीनी स्तर पर काम करने की शैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत करेगा। पीएम मोदी ने उन्हें नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट बनने पर शुभकामनाएं दीं। वहीं, बिहार के गृह मंत्री और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन को नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, 'भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन को नियुक्त होने पर मिलकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आपका संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्तागण को मजबूती प्रदान करेगा।'