Wednesday, 18 Nov 2026

नवी मुंबई को भारत का सबसे स्वच्छ शहर

नईदिल्ली (13 नवंबर 26)। केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' में महाराष्ट्र के नवी मुंबई को भारत का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। इसके बाद गुजरात का सूरत और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा का स्थान रहा। वहीं, मध्य प्रदेश के रीवा को सबसे स्वच्छ रिवरफ्रंट (नदी किनारे स्थित) शहर और उत्तराखंड के रुद्रपुर को सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर घोषित किया गया। 10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में, ग्रेटर विशाखापत्तनम सबसे स्वच्छ शहर रहा, जिसके बाद जबलपुर और लखनऊ का नंबर आया। 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में उज्जैन स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर रहा, जबकि चंडीगढ़ और गुंटूर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए।

इंदौर, जो लगातार आठ वर्षों तक सबसे स्वच्छ शहर रहा था, उसे इस साल एक अलग श्रेणी में रखा गया। नए शुरू किए गए 'स्वच्छ शहर जोड़ी' पहल के तहत, इंदौर और उसके सहयोगी शहर देपालपुर ने 'मेंटर सिटी' श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया। यह पहल 'स्वच्छ भारत मिशन-शहरी' के अंतर्गत शुरू किया गया एक 'शहर-से-शहर' मेंटरशिप और आपसी सीखने का कार्यक्रम है। इसमें 72 मेंटर शहर और लगभग 200 मेंटी (सीखने वाले) शहर शामिल हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में उनके प्रदर्शन के आधार पर, सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले शहरों को 'मेंटर' के रूप में चुना गया है और उन्हें कम प्रदर्शन करने वाले शहरों के साथ जोड़ा गया है। इस श्रेणी में अहमदाबाद और उसके सहयोगी शहर साणंद ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि तिरुपति और उसके सहयोगी शहर कुप्पम तीसरे स्थान पर रहे। नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस सर्वेक्षण में 4,700 से अधिक शहरी स्थानीय निकायों ने हिस्सा लिया।

सबसे स्वच्छ रिवरफ्रंट शहरों की श्रेणी में रीवा शीर्ष पर रहा, जिसके बाद बिलासपुर और वाराणसी का स्थान रहा। 'स्वच्छ तटीय शहर' श्रेणी में पुरी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि केरल का अलाप्पुझा और महाराष्ट्र का रत्नागिरी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। रुद्रपुर सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर बनकर उभरा, जबकि जम्मू और शोपियां ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 50,000 से 3 लाख की आबादी वाले शहरी स्थानीय निकायों में, मध्य प्रदेश का देवास पहले स्थान पर रहा, जिसके बाद नई दिल्ली नगर परिषद और सागर का नंबर आता है। 20,000 से 50,000 की आबादी वाली श्रेणी में, महाराष्ट्र का वीटा शीर्ष पर रहा, जिसके बाद ओडिशा का अस्का और गोवा का पणजी रहे।

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने बताया कि मेंटरशिप कार्यक्रम में भाग लेने वाले शहरों के प्रदर्शन में, 2024-25 और 2025-26 के सर्वेक्षणों के बीच, स्वच्छता के कई पैमानों पर सुधार देखा गया है। इन शहरों में प्रत्यक्ष स्वच्छता 48 प्रतिशत से बढ़कर 70 प्रतिशत हो गई, जबकि घर-घर जाकर कचरा उठाने की सुविधा 52 प्रतिशत से बढ़कर 74 प्रतिशत हो गई। कचरे को उसके स्रोत पर ही अलग करने (सोर्स सेग्रिगेशन) की प्रक्रिया 16 प्रतिशत से बढ़कर 30 प्रतिशत, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच 11 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत, और इस्तेमाल किए गए पानी का प्रबंधन 32 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया। मंत्रालय के अनुसार, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और समर्थन (एडवोकेसी) 48 प्रतिशत से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गया है। देश भर में 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने ज़मीनी स्तर पर मूल्यांकन किया, जिसमें रियल-टाइम GPS-आधारित निगरानी का भी सहयोग लिया गया। मंत्रालय ने बताया कि साक्ष्य जमा करने से लेकर सत्यापन तक की पूरी मूल्यांकन प्रक्रिया डिजिटल थी और हर चरण पर इसकी गुणवत्ता की जाँच की गई।

Tags:

Follow us

This question is not available..!