नईदिल्ली (10 नवंबर 26)। भारतीय वायुसेना ने पूर्वी लद्दाख में चीन सीमा के पास एक बड़ी रणनीतिक और विमानन उपलब्धि हासिल की है। वायुसेना का भारी परिवहन विमान IL-76MD लद्दाख के न्योमा एयरबेस पर सफलतापूर्वक उतरा। समुद्र तल से 13,629 फीट की ऊंचाई पर हुई इस लैंडिंग को दुनिया में इस श्रेणी के विमान की सबसे ऊंची लैंडिंग का रिकॉर्ड बताया जा रहा है। इस उपलब्धि से भारत की सामरिक हवाई परिवहन क्षमता को मजबूती मिलेगी। अब चीन सीमा के नजदीक तैनात सैनिकों तक भारी सैन्य उपकरण, वाहन और जरूरी सामान पहुंचाने में अधिक सुविधा हो सकेगी। वायुसेना ने इस अभियान को विमान की क्षमता के साथ उसके चालक दल के कौशल, सटीकता और पेशेवर दक्षता का शानदार प्रदर्शन बताया। वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि यह उपलब्धि भारत की सामरिक हवाई परिवहन क्षमता को और मजबूत करती है। यह सीमाओं को आगे बढ़ाने और नई ऊंचाइयां हासिल करने का प्रतीक है।
पूर्वी लद्दाख में स्थित न्योमा एयरबेस वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के बेहद करीब है। यह डेमचोक क्षेत्र और पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे के आसपास के सामरिक इलाकों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। लेह और थोइस जैसे मौजूदा हवाई ठिकानों की तुलना में न्योमा सीमा के अधिक करीब है। यहां लगभग तीन किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी विकसित की गई है, जिस पर लड़ाकू विमानों के साथ भारी परिवहन विमान भी उतर सकते हैं। इस एयरबेस के पूरी तरह सक्रिय होने से सीमा पर किसी आपात स्थिति में सैनिकों और सैन्य उपकरणों की तैनाती का समय कम किया जा सकेगा। इसके अलावा निगरानी अभियान, चिकित्सा निकासी और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में आवश्यक सामान पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद लद्दाख में बड़े पैमाने पर सैन्य तैनाती की गई थी। उस दौरान भारतीय वायुसेना ने 68 हजार से अधिक सैनिकों, 90 टैंकों और 330 पैदल सेना के लड़ाकू वाहनों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में न्योमा एयरबेस का पूरी तरह संचालन भारत को भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में सीमा पर तेजी से सैन्य संसाधन पहुंचाने में मदद कर सकता है।
न्योमा हवाई पट्टी का सैन्य इतिहास भी काफी पुराना है। इसे 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान अग्रिम लैंडिंग ग्राउंड के रूप में विकसित किया गया था। हालांकि, कई दशकों तक इसका इस्तेमाल सीमित रहा। सितंबर 2009 में यहां एएन-32 परिवहन विमान की लैंडिंग के बाद इसे फिर से सक्रिय करने की दिशा में कदम उठाए गए। अगस्त 2023 में इसे पूर्ण सैन्य एयरबेस के रूप में विकसित करने का काम शुरू हुआ। इस परियोजना की अनुमानित लागत 214 करोड़ रुपये बताई गई थी।12 नवंबर 2025 को तत्कालीन वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने यहां सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान उतारकर एयरबेस का औपचारिक उद्घाटन किया था। इसके बाद न्योमा लद्दाख में वायुसेना का चौथा प्रमुख एयरबेस बना। अन्य तीन प्रमुख ठिकाने लेह, कारगिल और थोइस हैं।
इतनी अधिक ऊंचाई पर भारी परिवहन विमान उतारना तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। ऊंचाई बढ़ने के साथ हवा का घनत्व कम हो जाता है। इससे विमान के इंजनों की क्षमता और पंखों को मिलने वाला वायुगतिकीय बल प्रभावित होता है। इसका असर विमान के उड़ान भरने, उतरने और सामान ले जाने की क्षमता पर पड़ता है। रूस में निर्मित चार इंजन वाला IL-76MD भारतीय वायुसेना के प्रमुख भारी परिवहन विमानों में शामिल है। इसका इस्तेमाल सैनिकों, सैन्य वाहनों, भारी उपकरणों और जरूरी रसद को लंबी दूरी तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। न्योमा में इसकी सफल लैंडिंग ने साबित किया है कि भारतीय वायुसेना दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में अपनी सामरिक पहुंच बढ़ाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। यह उपलब्धि केवल विमानन का विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि चीन सीमा पर भारत की सैन्य तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।