Wednesday, 25 Nov 2026

दिल्ली में निर्माणाधीन मकान का स्लैब गिरा

नईदिल्ली (25 अक्टूबर 26)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलन गार्डन में सोमवार शाम एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर (स्लैब) अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए और देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

दिल्ली फायर सर्विस को शाम 6:46 बजे मकान ढहने की सूचना मिली थी। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियों को तुरंत राहत कार्य के लिए रवाना किया गया। इसके अलावा हर्ष विहार थाना पुलिस और संबंधित प्रशासनिक विभागों की टीमें भी फौरन मौके पर पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दिल्ली फायर सर्विस, सिविल डिफेंस और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की डिजास्टर मैनेजमेंट टीम को मौके पर तैनात किया गया है। एनडीआरएफ की टीम अपने विशेष डॉग स्क्वॉड और अत्याधुनिक उपकरणों के साथ राहत कार्य में जुटी है। बचाव दल तेजी से मलबा हटाने में लगे हैं और स्थानीय नागरिक भी राहत कार्य में पूरा सहयोग कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि मूल रूप से यह एक पुरानी, एक मंजिला इमारत थी, जिसके ऊपर एक अतिरिक्त मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने बताया कि इमारत के आसपास का इलाका चारों तरफ से पूरी तरह घिरा होने के कारण मौके पर यह स्पष्ट रूप से पहचानना भी मुश्किल हो रहा है कि वास्तव में इमारत का कौन सा हिस्सा ढहा है। अतिरिक्त डीसीपी ने आगे बताया कि फिलहाल किसी को भी मलबे से बाहर नहीं निकाला जा सका है। मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है, हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने दावा किया कि मकान में कंक्रीट का नया लेंटर डाला जा रहा था। उसके मुताबिक, नीचे बनी पुरानी छत काफी कमजोर थी और उसी के ऊपर नया लेंटर तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक नीचे की छत टूट गई, जिससे ऊपर डाला जा रहा पूरा नया लेंटर भी भरभराकर नीचे आ गिरा। स्थानीय व्यक्ति ने पीड़ित परिवार के सदस्यों के हवाले से बताया कि उनके परिवार के दो लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। हालांकि, इस दावे की भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी के हताहत होने की औपचारिक जानकारी सामने आई है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!