शहडोल (25 अक्टूबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तेंदूपत्ता संग्रहण लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का माध्यम है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि मेहनतकश परिवारों को उन हक का पूरा लाभ समय पर मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को शहडोल संभागीय मुख्यालय में हुए एक भव्य कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के 9 लाख 77 हजार 696 पात्र संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि (तेंदूपत्ता बोनस) का वितरण किया। कार्यक्रम में पांच जिलों (शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सतना एवं सीधी) के अधीन छह जिला वनोपज सहकारी यूनियनों के हजारों तेंदूपत्ता एवं अन्य वनोपज संग्राहकों ने सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि शहडोल में इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जायेगा, हाथियों के उत्पात से क्षतिग्रस्त मकान की जगह लोगों को पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे, जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में गोहपारू से रीवा-सतना मार्ग तक सड़क बनाई जायेगी और शहडोल में निजी सहभागिता से एक नई यूनिवर्सिटी खोली जाएगी। डॉ. यादव ने कहा कि बोनस और लाभांश की यह राशि ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों के परिवारों की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमारी सरकार वनवासियों के सम्मान, इनकी आत्मनिर्भरता और समग्र कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 462 कऱोड़ रुपए लागत के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री ने शहडोल में 22.14 करोड़ रुपए से नवनिर्मित वन मंडलाधिकारी कार्यालय का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष रामलाल रौतेल, विधायक जयसिंह मरावी, शरद कोल, विसाहू लाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शहडोल प्रभा मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष उमरिया अनुजा पटेल, अमर कंटक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र भारती, प्रमुख सचिव वन राघवेन्द्र सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक शुभ रंजन सेन, जिला योजना समिति की सदस्या अमिता चपरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित थे।