बैतूल (31 अक्टूबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार 'सच्चा वादा-पक्का काम' के सूत्रवाक्य के साथ प्रदेश में विकास और जनहितैषी कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में गरीब, किसान, युवा और नारियों के कल्याण के लिए अनेकों कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार को ही किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की राशि की सौगात मिली है। प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई की सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज बैतूल में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि मिली है। यह दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा एवं नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों के अथक परिश्रम के सम्मान और उनके वाजिब हक की राशि है। प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक 80 करोड़ रुपए से अधिक राशि दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बैतूल में हुए तेंदूपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि जनजातीय भाई-बहनों के परिश्रम से ही बैतूल जिले की पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति, परम्पराओं और रीति-रिवाज को संरक्षित करने के लिए भव्य जनजातीय संग्रहालय (ट्रायबल म्यूजियम) तैयार करने की आवश्यकता है। केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल जिले में प्रदेश के दूसरे बटर फ्लाई पार्क की स्थापना हो रही है। बैतूल जिले को प्रदेश के पहले कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट की सौगात भी मिली है। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, विधायक प्रेमशंकर वर्मा, विधायक योगेश पंडाग्रे, विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।