Wednesday, 25 Nov 2026

ट्रंप ने पाक के लिए चुनीं नई अमेरिकी राजदूत

वाशिंगटन (11 नवंबर 26)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नैटली बेकर को पाकिस्तान में अगला अमेरिकी राजदूत नामित किया है। इससे लगभग दो साल के अंतराल के बाद इस्लामाबाद में एक स्थायी अमेरिकी राजदूत की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया। बेकर फिलहाल इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास की प्रभारी हैं। तत्कालीन राजदूत डोनाल्ड आर्मिन ब्लूम के पाकिस्तान से जाने के बाद बेकर ने जनवरी 2025 में यह जिम्मेदारी संभाली थी। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास सह कार्यालय 'व्हाइट हाउस' ने एक बयान में कहा है कि बेकर के नाम का प्रस्ताव अमेरिकी सीनेट (अमेरिका की संसद के उच्च सदन) को भेज दिया गया है।

सीनेट की विदेश मामलों की समिति इसकी समीक्षा करेगी। समिति से मंजूरी मिलने के बाद इस पर सीनेट में मतदान होगा। सीनेट की मंजूरी मिलने के बाद, बेकर को पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत नियुक्त कर दिया जाएगा। दूतावास की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह इससे पहले अगस्त 2024 में इस्लामाबाद में दूतावास की उप प्रमुख के रूप में आई थीं। इससे पहले, उन्होंने अगस्त 2021 से जुलाई 2024 तक दोहा स्थित अमेरिकी दूतावास की उप प्रमुख के रूप में सेवाएं दी थीं।

बेकर लीबिया में अमेरिकी दूतावास की उप प्रमुख और प्रभारी राजदूत, दुबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में ईरान क्षेत्रीय उपस्थिति कार्यालय की उप निदेशक और कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास में आर्थिक सलाहकार के रूप में भी सेवा दे चुकी हैं। बेकर इस्लामाबाद में काफी सक्रिय हैं और पाकिस्तान के स्थानीय अधिकारियों तथा राजनीतिक नेतृत्व के साथ अक्सर बातचीत करती हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!