Friday, 27 Nov 2026

ट्रंप-जिनपिंग और पुतिन के बीच त्रिपक्षीय बैठक

बीजिंग (20 नवंबर 26)। दुनिया की राजनीति में एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिक गई हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय वार्ता की मेज पर बैठे। एक घंटे से अधिक चली इस ऐतिहासिक बैठक में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण, यूक्रेन और ईरान युद्ध तथा वैश्विक शांति जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। ट्रंप ने इसे इतिहास बनाने वाला क्षण बताया, जबकि जिनपिंग ने परमाणु हथियारों को प्रतिबंधित कर नष्ट करने की वकालत की। सवाल यह है कि क्या दुनिया की तीन सबसे बड़ी ताकतें मिलकर युद्ध और परमाणु खतरे को रोक पाएंगी या यह मुलाकात महज एक कूटनीतिक तस्वीर बनकर रह जाएगी?

चीन के शेनझेन में बृहस्पतिवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय बैठक की। यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली। इसे वैश्विक राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। ट्रंप ने बैठक की शुरुआत में कहा कि अमेरिका, रूस और चीन दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल के खतरे को घटाने के लिए चर्चा करने की विशिष्ट स्थिति में हैं। उन्होंने कहा, ''हम वास्तव में इतिहास बना रहे हैं।'' वहीं, जिनपिंग ने कहा कि तीनों देशों के बीच बातचीत का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति को बढ़ावा देना है। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, जिनपिंग ने परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध लगाने और उन्हें पूरी तरह नष्ट करने की वकालत की। उन्होंने परमाणु हथियारों से मुक्त दुनिया बनाने का आह्वान किया। पुतिन ने द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका, रूस और चीन की साझा भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि तीनों देश उस युद्ध के विजेता रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने की उनकी संयुक्त जिम्मेदारी है। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा परमाणु हथियारों पर नियंत्रण रहा। अमेरिका और रूस के बीच आखिरी परमाणु हथियार नियंत्रण समझौता 'न्यू स्टार्ट' फरवरी में समाप्त हो गया था। ट्रंप अब एक नए, बेहतर और आधुनिक समझौते की इच्छा जता रहे हैं, जिसमें चीन को भी शामिल किया जाए। हालांकि, चीन को इस तरह के समझौते के लिए तैयार करना आसान नहीं होगा। अनुमान के मुताबिक, चीन के पास 600 से अधिक परमाणु हथियार हैं, जबकि अमेरिका और रूस के पास पांच-पांच हजार से अधिक परमाणु हथियार होने का अनुमान है। ट्रंप ने भी स्वीकार किया कि परमाणु हथियार हासिल करने के बाद उन्हें छोड़ना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि इन हथियारों को खत्म करना आसान काम नहीं है।

शस्त्र नियंत्रण संघ के कार्यकारी निदेशक डेरिल किमबॉल ने कहा कि केवल कूटनीतिक दिखावे और नेताओं की तस्वीरों से काम नहीं चलेगा। इस दिशा में लगातार बातचीत और ठोस प्रयासों की जरूरत है। त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप और जिनपिंग के बीच अलग से द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस साल दोनों नेताओं की यह तीसरी बड़ी मुलाकात थी। ट्रंप ने जिनपिंग के साथ अपने अच्छे संबंधों की तारीफ की। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति जारी रखने में दोनों देशों की साझा दिलचस्पी का भी उल्लेख किया। ईरान युद्ध के कारण यह समुद्री मार्ग हमलों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ट्रंप ने यह संकेत भी दिया कि वह चीन से अमेरिका के कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाने का आग्रह करेंगे। चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, जिनपिंग ने ताइवान का मुद्दा उठाया और कहा कि दोनों देशों को आर्थिक एवं व्यापारिक मामलों में संवाद बेहतर करने की जरूरत है।

Tags: