न्यूयार्क (18 नवंबर 26)। अमेरिकी प्रशासन की आव्रजन संबंधी सख्त नीतियों और उच्च शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों के बीच देश के विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले विदेशी छात्रों की संख्या घट रही है। सोमवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। 'इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन' के एक सर्वेक्षण के अनुसार, इस साल अमेरिका के विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों की कुल संख्या पिछले साल की तुलना में नौ प्रतिशत कम रही। वहीं, पहली बार पढ़ाई के लिए अमेरिका आने वाले नए विदेशी छात्रों की संख्या में 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, भारत से आने वाले छात्रों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका में पढ़ाई के लिए सबसे अधिक विदेशी छात्र भारत से आते हैं। 'अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ यूनिवर्सिटी प्रोफेसर्स' की मुख्य विधि सलाहकार वीणा दुबल ने कहा, 'अब कोई भी अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए अमेरिका नहीं भेजना चाहता।'
दुबल के पिता 1960 के दशक के अंतिम वर्षों में छात्र वीजा पर भारत से अमेरिका आए थे। उन्होंने टस्केगी विश्वविद्यालय में पढ़ाई की थी, जिसे उस समय 'टस्केगी इंस्टीट्यूट' कहा जाता था। दुबल ने कहा, 'अमेरिका अब असुरक्षित जगह जैसा लगता है। (अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड) ट्रंप (के नेतृत्व वाला) प्रशासन दुनिया भर के परिवारों को यही संदेश दे रहा है और वे इसे गंभीरता से ले रहे हैं।' पिछले साल विदेशी छात्रों के दाखिले में आई गिरावट की कुछ हद तक भरपाई उन छात्रों की बड़ी संख्या से हुई थी, जो पढ़ाई पूरी करने के बाद अस्थायी रूप से काम करने के लिए अमेरिका में रुके थे। हालांकि, कई महीने की अटकलों के बाद अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्रालय (डीएचएस) ने प्रस्ताव दिया कि वैकल्पिक व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रत्येक छात्र के लिए शिक्षण संस्थानों को 70,000 अमेरिकी डॉलर का शुल्क देना होगा। यह कार्यक्रम विदेशी छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में अस्थायी रूप से काम करने का अवसर देता है।
हालांकि, इस प्रस्तावित नियम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है लेकिन सर्वेक्षण के अनुसार, इस साल ओपीटी कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों की संख्या में छह प्रतिशत की गिरावट आई है। विश्वविद्यालयों के अधिकारियों ने 'इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन' को बताया कि अमेरिका अब भी दुनिया भर के विदेशी छात्रों के लिए पढ़ाई का सबसे पसंदीदा देश है लेकिन नीतिगत बदलावों का असर दिखाई देने लगा है। इस साल 800 से अधिक अमेरिकी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के सर्वेक्षण में 88 प्रतिशत संस्थानों ने विदेशी छात्रों के दाखिले में कमी के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, 70 प्रतिशत संस्थानों ने यात्रा संबंधी प्रतिबंधों को इसका कारण बताया। सर्वेक्षण के अनुसार, 95 प्रतिशत शिक्षण संस्थानों का अनुमान है कि यदि ओपीटी कार्यक्रम के तहत उपलब्ध अवसर सीमित किए गए तो विदेशी छात्र पढ़ाई के लिए दूसरे देशों का रुख कर सकते हैं। यह सर्वेक्षण अगले साल विस्तृत आंकड़े जारी होने से पहले विदेशी छात्रों से जुड़े रुझानों की शुरुआती जानकारी देता है। संस्थान में अनुसंधान, मूल्यांकन एवं शिक्षण विभाग की प्रमुख मिर्का मार्टेल ने कहा कि छात्रों के दूसरे देशों का रुख करने की एकमात्र वजह राजनीति नहीं है।