Friday, 27 Nov 2026

टाइगर श्रॉफ फायरिंग: आरोपी सुनेहा पंडित गिरफ्तार

मुंबई (04 नवंबर 26)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में गिरफ्तार 13वीं आरोपी सुनेहा पंडित को मंगलवार को मुंबई की विशेष मकोका अदालत ने 16 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने सुनेहा को हरियाणा के करनाल जिले से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, सुनेहा पंडित गैंगस्टर अनिल पंडित की भाभी है। अनिल पंडित ने 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। मंगलवार को सुनेहा को मुंबई की विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले में आगे की पूछताछ के लिए उसकी हिरासत मांगी थी।

जांच अधिकारियों के मुताबिक, सुनेहा पंडित अभिषेक की पत्नी है। अभिषेक पर आरोप है कि वह एक क्रिप्टोकरेंसी अकाउंट चलाता है। इस खाते में विदेश से पैसे आने की जानकारी मिली है। पुलिस को शक है कि यह पैसा जबरन वसूली से जुड़ा हो सकता है। अभिषेक, गैंगस्टर अनिल पंडित का भाई है। उस पर अपने नेटवर्क के जरिए दो अन्य गिरोह चलाने और गैंग की गतिविधियों के लिए पैसों का इंतजाम करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, फायरिंग मामले में शामिल अन्य आरोपियों को खास कोड दिए गए थे। आरोप है कि अभिषेक इन्हीं कोड के जरिए आरोपियों तक पैसे पहुंचाता था।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने अदालत से सुनेहा पंडित की 15 दिन की पुलिस हिरासत मांगी थी। हालांकि, उसके वकील ने इसका विरोध किया। वकील का कहना था कि पुलिस को मामले से जुड़ी जरूरी जानकारी पहले ही मिल चुकी है। वहीं, क्राइम ब्रांच ने अदालत को बताया कि टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में इस्तेमाल किए गए पैसे विदेश से आए थे। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सुनेहा को 16 नवंबर तक मुंबई क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेज दिया।

Tags: