रावलपिंडी (18 नवंबर 26)। पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने चेतावनी दी कि उनकी बिगड़ती सेहत के कारण ऐसी स्थिति आ सकती है, जहां से वह 'जिंदा वापस नहीं लौट सकेंगे।' उन्होंने देश के शीर्ष न्यायाधीशों से अपनी और अपनी पत्नी बुशरा बीबी के लिए उपचार सुनिश्चित करने की अपील की। खान ने सोमवार को सार्वजनिक किए गए एक खुले पत्र में पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय, संघीय संवैधानिक न्यायालय और इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों से अपने उपचार और जेल की परिस्थितियों से संबंधित अदालत के पूर्व आदेशों को लागू करने का अनुरोध किया।
खान के वकील सलमान सफदर ने पिछले सप्ताह अदियाला जेल में उनसे मुलाकात के बाद 'एक्स' पर यह पत्र साझा किया। खान ने 11 नवंबर को हुई इस मुलाकात के दौरान सफदर से कहा था कि वह उनके शब्दों को 'अपने माननीय न्यायाधीशों तक पहुंचाएं।' सफदर ने पत्र में लिखा, 'मैंने यह पत्र पूरी ईमानदारी से और केवल इन्हीं निर्देशों के तहत पहुंचाया है। आगे लिखे गए शब्द उनके (खान के) हैं।' इस पत्र पर सफदर के हस्ताक्षर भी हैं। खान ने पत्र में कहा, ''74 साल की उम्र में यह लगातार प्रताड़ना मुझे ऐसी स्थिति में पहुंचा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट सकूं।' पूर्व क्रिकेटर से राजनेता बने खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक हैं। वह 2023 से जेल में बंद हैं और भ्रष्टाचार व हिंसा भड़काने के आरोपों सहित 100 से अधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दंपति को सजा सुनाई गई थी। खान ने पत्र में कहा कि लंबे समय तक एकांत कारावास में रखे जाने और चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी सेहत बिगड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 दिसंबर 2025 से उन्हें लंबे समय तक एकांत कारावास में रखा गया है और दिन में 22 घंटे तक बाहरी दुनिया से अलग रखा जाता है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने पत्र में लिखा, 'जेल में किसी को भी मुझे जवाब देने या मुझसे बात करने की अनुमति नहीं है। ऐसा तब भी होता है, जब मैं उन्हें सलाम (अभिवादन) करता हूं या कुरान की कोई आयत पढ़ता हूं। मैं केवल यही निष्कर्ष निकाल सकता हूं कि इसका उद्देश्य मुझे बीमार करना और मेरा मनोबल तोड़ना है।' उन्होंने अपनी पत्नी की सेहत को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि बुशरा की आंखों की रोशनी लगातार कमजोर हो रही है तथा उन्हें आंखों की एक और सर्जरी की जरूरत है।