आलीराजपुर (15 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महान क्रांतिकारी, जननायक भगवान बिरसा मुंडा ने 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजों को घुटनों पर ला दिया था। वे अपने समाज और राष्ट्र हितैषी कार्यों एवं आदर्शों के बल पर पूजनीय हो गए। आलीराजपुर-झाबुआ के वीर सपूत चंद्रशेखर आजाद और झीतू किराड़े देश के स्वतंत्रता आंदोलन के अद्भुत योद्धा थे। अपने कार्यों से अमर हो जाने वाले सभी शहीदों और जननायकों का वंदन है। जनजातीय नायको ने सदैव देश का मान-सम्मान बढ़ाया और देश की स्वतंत्रता तथा रक्षा के लिए बलिदान दिया। आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। देश में गरीब, किसान, युवा और नारी सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री मोदी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। वर्ष 2021 के बाद जनजातीय नायकों का स्मरण करने के लिए जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत की गई। मध्यप्रदेश सरकार ने इस विशेष अवसर पर जोबट, धार, आलीराजपुर को माँ नर्मदा का जल उपलब्ध हो रहा है। आज लगभग 1400 करोड़ रुपए लागत से निर्मित डही माइक्रों उद्वहन सिंचाई परियोजना का शुभारंभ हुआ है। इससे पूर्व सरदारपुर में 2500 करोड़ रुपए लागत से पाइप लाइन परियोजना का लोकार्पण भी हो चुका है। अंचल के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। किसानों की मेहनत माँ नर्मदा के जल से सफल होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस पर आलीराजपुर जिले के जोबट में आयोजित 'शुभनीर स्वागतम् कार्यक्रम' को संबोधित कर रहे थे। डॉ. यादव ने कार्यक्रम में पुष्प वर्षा कर जनजातीय समुदाय के प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने जनजातीय समाज के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनकी गौरवशाली संस्कृति एवं परम्पराओं का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट से 57 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्टॉल संचालकों से संवाद कर उनके उत्पादों की विशेषताओं और उपलब्धियों के बारे में भी जाना।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर सभी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सिंचाई, जनकल्याण और जनजातीय गौरव संरक्षण में देश में अग्रणी है। आज हर ग्रामीण परिवार को निःशुल्क जमीन का मालिकाना हक मिल रहा है। अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने विगत 3 वर्षों में आलीराजपुर के 84 गांवों एवं जोबट क्षेत्र तक नर्मदा जल पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और बताया कि नर्मदा लिंक से पानी भाटा डैम में भी भरेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं विशाल जनसमुदाय उपस्थित रहा।