मैड्रिड (08 नवंबर 26)। स्पेन स्थित अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन सेफगार्ड डिफेंडर्स की नई रिपोर्ट 'ए फॉर्मूला फॉर रिप्रेशन' में चीन के विदेशों में फैले कथित निगरानी तंत्र को लेकर कई गंभीर दावे किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 91 देशों में चीन से जुड़े करीब 1,250 सामुदायिक संगठन ऐसे हैं, जिन्हें संदिग्ध पुलिस केंद्रों के मुखौटे के रूप में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। संगठन की चीन निदेशक लॉरा हार्थ ने सीटीवी न्यूज को बताया कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों की गतिविधियों, उनकी बातों और उनके व्यवहार पर नजर रखने के लिए किया जा रहा है। रिपोर्ट में पहचाने गए संगठनों की संख्या चार साल पहले की तुलना में करीब 12 गुना अधिक बताई गई है। वर्ष 2022 में संगठन ने 50 से अधिक देशों में 100 कथित अवैध चीनी पुलिस केंद्रों की पहचान की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के अलग-अलग देशों में चीन के 6 करोड़ से अधिक नागरिक रहते हैं। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी कथित तौर पर विदेशों में बसे इन समुदायों पर अपना प्रभाव बनाए रखने के लिए घरेलू निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था का विस्तार कर रही है। इंटरनेशनल क्राइसिस ग्रुप के वरिष्ठ सलाहकार और पूर्व कनाडाई राजनयिक माइकल कोवरिग ने रिपोर्ट को चीन की वैश्विक प्रभाव बढ़ाने की कोशिशों का शुरुआती चरण बताया। उन्होंने आशंका जताई कि इससे दूसरे देशों के नागरिकों के अभिव्यक्ति के अधिकार और अपनी पसंद के अनुसार मतदान करने की स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के यूनाइटेड फ्रंट वर्क डिपार्टमेंट (UFWD) की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। संगठन के अनुसार, विदेशों में कई सामुदायिक संस्थाएं इसी विभाग के प्रभाव में काम करती हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यूएफडब्ल्यूडी को नागरिकों की निगरानी और नियंत्रण के लिए 'मैजिक वेपन' कहा था। सेफगार्ड डिफेंडर्स ने ऐसे 1,247 सामुदायिक केंद्रों की पहचान की है, जिन्होंने अपने दस्तावेजों, प्रकाशनों या अन्य माध्यमों से चीनी पुलिस और अभियोजन एजेंसियों के साथ संपर्क केंद्र के रूप में अपनी भूमिका स्वीकार की थी। रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में ऐसे केवल चार क्षेत्रीय संगठनों की पहचान हुई थी, जबकि नई रिपोर्ट में 80 क्षेत्रीय संगठनों के नाम सामने आए हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन के पांच प्रांतों की 10 से अधिक पुलिस एजेंसियां विदेशों में फैले चीनी महासंघों और सामुदायिक संगठनों के नेटवर्क के माध्यम से काम कर रही हैं। इन संगठनों को आमतौर पर सांस्कृतिक मेलजोल बढ़ाने, कारोबार और पर्यटन को प्रोत्साहित करने तथा चीन के विभिन्न प्रांतों और शहरों से संबंध मजबूत करने वाले केंद्रों के रूप में पेश किया जाता है। रिपोर्ट की प्रमुख शोधकर्ता लॉरा हार्थ के मुताबिक, वर्ष 2022 में अवैध पुलिस केंद्रों का खुलासा होने के बाद चीन ने अपने काम करने के तरीके बदल दिए हैं। पहले इन केंद्रों पर पुलिस के प्रतीक चिह्न और नाम दिखाई देते थे, लेकिन अब कथित तौर पर संबंधित संगठनों की पहचान छिपाकर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।