Saturday, 14 Nov 2026

चित्रकारों का तीर्थ बन गया मप्र का पाटनगढ़

डिंडोरी (12 नवंबर 26)। पाटनगढ़ अब चित्रकारों का तीर्थ बन गया है। पाटनगढ़ पूर्वी मध्यप्रदेश के जनजातीय जिले डिंडोरी के करंजिया विकासखंड का छोटा सा गाँव है। पाटनगढ़ अब वैश्विक नक्शे पर ध्रुव तारे की तरह चमक रहा है। यह अत्यंत प्रतिभावान और अपने जीवनकाल में ही प्रसिद्धि के शिखर पर पहुंचे गोंड चित्रकार जनगढ़ सिंह श्याम का गाँव है। वे जल्दी ही विदा हो गये लेकिन अपने समाज की विरासत गोंड चित्रकला को नया जीवन दे दिया। आज कई प्रतिभावान गोंड चित्रकार पेंटिंग के माध्यम से न सिर्फ अपनी आजीविका चला रहे है बल्कि अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता से गोंड चित्रकला को निरंतर समृद्ध कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों, मेहमानों को गोंड पेंटिंग उपहार स्वरूप भेंट कर इसे पूरी दुनिया में पहुंचा दिया।

पाटनगढ़ करीब 300 घरों का गाँव हैं। सभी घर गोंड या उनकी उपजाति प्रधान लोगों के हैं। वे सब गोंड चित्रकला के राजदूत बन गये हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गोंड चित्रकारों को भरपूर प्रोत्साहन दे रहे हैं। नई पीढ़ी के गोंड चित्रकार राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग ले रहे हैं। गोंड चित्रकला अब जीआई टैग से सुशोभित है। इसलिए विश्व के कला बाजारों में इनकी मांग बनी रहती है। जनगढ़ सिंह श्याम की प्रतिभा खोज निकालने का श्रेय मशहूर कला मर्मज्ञ और चित्रकार स्व. जे. स्वामीनाथन को जाता है। आज जब देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है, मध्यप्रदेश की अनूठी गोंड चित्रकारी की चर्चा करना प्रासंगिक हो जाती है। जिस प्रकार गोंड पेंटिंग के प्रति शहरी समुदाय और कला प्रेमियों का आकर्षण बढ़ा है उससे गोंड पेंटिंग की प्रसिद्धि पूरी दुनिया में पहुंच गई है।

आत्माराम श्याम पाटनगढ़ के पास के गांव सुनपुरी के युवा गोंड चित्रकार हैं। वे पिछले लगभग सात वर्षों से भोपाल में बतौर चित्रकार सक्रिय हैं। वे गोंड चित्रकला के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए समर्पित हैं। उनकी चित्रकला में गोंड समुदाय की संस्कृति, परंपराएँ, लोककथाएँ, रीति-रिवाज, वन्यजीवन, प्रकृति और मानव तथा पर्यावरण के आपसी संबंधों का सुंदर चित्रण है। आत्माराम श्याम चित्रकला के माध्यम से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक ज्ञान और जीवनशैली को कैनवास पर अभिव्यक्त करते हैं। केवल चित्र बनाना उद्देश्य नहीं है। वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना चाहते है। ललित कला में पोस्ट ग्रेजुएट आत्माराम श्याम की 12वीं तक की पढ़ाई डिंडोरी में हुई। बचपन से चित्रकला में उनकी विशेष रुचि रही है। उनके बड़े पिताजी नर्मदा प्रसाद टेकाम एक स्थापित चित्रकार हैं जिनसे उन्हें मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बड़ी बहन सुशीला श्याम भी एक स्थापित चित्रकार हैं जिन्होने उन्हें चित्रकला की बारीकियाँ सिखाई। 

आत्माराम कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियाँ आर्ट फेस्टिवेल में भाग ले चुकें हैं। उन्हें कला साधना के लिए कई पुरस्कार एवं सम्मान मिले हैं, जैसे वर्ष 2022 में गोल्ड अवॉर्ड, वर्ष 2021 अंतर्राष्ट्रीय कला पुरस्कार, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में सजीव कला प्रदर्शन के लिए विशेष पुरस्कार मिला। इंदौर में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में उनकी गोंड पेंटिंग को विदेशी अतिथियों, विशेषकर अमेरिका से आए प्रतिनिधियों ने सराहना की और कलाकृतियाँ खरीदीं। उनकी एक कलाकृति भारत के महावाणिज्य दूतावास, ऑस्ट्रेलिया को उनके नाम से भेंट की गई। मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की भोपाल में विशेष बैठक में उन्हें सजीव चित्रकला प्रदर्शन का अवसर मिला। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनकी कलाकृति की सराहना की। आत्माराम ने विद्यार्थियों और युवाओं को गोंड चित्रकला की शिक्षा एवं प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। वे महाविद्यालय के विद्यार्थियों को गोंड चित्रकला का प्रशिक्षण देते है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!