अमरावती (03 नवंबर 26)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहराया भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरसु' आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, यह चक्रवात नेल्लोर और नरसपुर के बीच (ओंगोल के पास) तट को पार कर सकता है। तूफान के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने तटीय जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है।
चक्रवात के तट पार करने के दौरान 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्ट गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर, बापतला, पल्नाडु, प्रकाशम और नेल्लोर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। अधिकारियों ने अनुमान जताया है कि पल्नाडु जिले में सर्वाधिक 30 सेमी, प्रकाशम में 24 सेमी और मारकापुरम में 19 सेमी तक वर्षा दर्ज हो सकती है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम नागरिकों को अपने घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी है। चक्रवात के खतरे और प्रतिकूल मौसम के कारण हवाई सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा है। आंध्र प्रदेश के तीन प्रमुख हवाई अड्डों-विजयवाड़ा, तिरुपति और विशाखापट्टनम में कम से कम 19 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक के अनुसार, इंडिगो ने 10 और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 2 उड़ानें निरस्त की हैं। इसके अलावा विशाखापट्टनम में 4 उड़ानें और तिरुपति हवाई अड्डे पर भी कई उड़ानें रद्द की गई हैं।
चक्रवात 'मुरसु' के प्रभाव से तमिलनाडु के उत्तरी जिलों में भी मौसम बिगड़ने का अनुमान है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। समुद्र में उठती ऊंची लहरों और 80 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।