Thursday, 26 Nov 2026

गैंगस्टर के निशाने पर थे महानायक अमिताभ बच्चन

नईदिल्ली (16 नवंबर 26)। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित योजना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि मुंबई में अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी करने की तैयारी की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने पंजाब से ताल्लुक रखने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जालंधर के विकास ठाकुर और तरनतारन के दीपक सिंह के तौर पर हुई है। शुरुआती जांच में दोनों के तार विदेश में बैठे एक गैंगस्टर से जुड़ने की बात सामने आई है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस साजिश के पीछे अमिताभ बच्चन के 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े कथित बयान को लेकर नाराजगी वजह बताई जा रही है। पुलिस को पता चला है कि दीपक सिंह को मुंबई भेजकर अभिनेता के बंगले 'जलसा' के बाहर फायरिंग करवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही इस तरह का बयान देने के आरोपों को खारिज कर चुके हैं। पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि विकास ठाकुर केवल अमिताभ बच्चन से जुड़े मामले में ही नहीं, बल्कि दिल्ली के एक कारोबारी को निशाना बनाने की तैयारी में भी शामिल था। दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के अनुसार, न्यू गांधी नगर, जालंधर का रहने वाला विकास कारोबारी से रंगदारी मांगने और उस पर गोली चलाने के इरादे से दिल्ली पहुंचा था। इस योजना में दीपक सिंह को भी साथ देना था। पुलिस ने समय रहते विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई करते हुए दीपक को भी हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार दीपक सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में है। उसका नाम 3 अक्टूबर को अमृतसर में हुए इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू के हत्याकांड में सामने आया था। इस मामले में पंजाब पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वहीं, इस केस में कथित तौर पर उसके साथ जुड़े पलविंदर सिंह उर्फ काका को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

मुंबई में अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' पहले भी धमकियों के चलते चर्चा में रहा है। 6 नवंबर को उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई थी। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी इसी तरह का संदेश भेजे जाने की बात सामने आई थी। फिलहाल, दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हमले की योजना किस स्तर तक तैयार हो चुकी थी और विदेश में बैठा गैंगस्टर इस पूरे नेटवर्क को कैसे संचालित कर रहा था।

Tags:

Follow us

This question is not available..!