Wednesday, 25 Nov 2026

गुवाहाटी के होटल में फायरिंग: 4 लोगों की मौत

गुवाहाटी (27 अक्टूबर 26)। असम की राजधानी गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी से सनसनी फैल गई। एक शख्स ने होटल के भीतर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल है।

यह सनसनीखेज वारदात गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित 'बिलास इन' होटल में सोमवार रात पेश आई। फायरिंग के तुरंत बाद सामने आए वीडियो में होटल के रिसेप्शन एरिया के पास फर्श पर लोगों के शव पड़े दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हमलावरों ने छह लोगों के एक समूह पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं, जिसमें दो महिलाएं भी मौजूद थीं। अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आने से चार लोगों की जान चली गई, जिनमें एक महिला शामिल है। इसके अलावा कुछ होटल कर्मचारियों के भी इस गोलीबारी में घायल होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस ने पूरे होटल परिसर को घेरकर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की असल वजह, मृतकों की शिनाख्त और संदिग्ध हमलावरों के बारे में अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।







Tags:

Follow us

This question is not available..!