मंदसौर (19 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंदसौर के गांधी सागर स्थित गांधी सागर फॉरेस्ट रिट्रीट में डेस्टिनेशन केबिनेट की 9 वीं बैठक संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने मंत्रि- परिषद के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रि-परिषद ने मध्यप्रदेश के समेकित औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, नवकरणीय ऊर्जा, हवाई संपर्क और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई दूरगामी निर्णय लिए हैं। प्रदेश में औद्योगिक अधोसंरचना के विस्तार के लिये मंदसौर के ग्राम बसई में 178.83 हेक्टेयर भूमि पर 'एग्रो पार्क', ग्राम कुरलासी में 3,500 एकड़ से अधिक भूमि पर समर्पित रासायनिक पार्क, रतलाम में 1,121 एकड़ पर 'बायो-फार्मा पार्क' तथा धार के भैंसोला में 842.88 एकड़ भूमि पर 'वस्त्र एवं संबद्ध उद्योग पार्क' की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही उज्जैन में 237 करोड़ रुपये के अनुदान और आईआईटी इंदौर की सहभागिता से 'डीप-टेक अनुसंधान एवं नवाचार पार्क' विकसित करने, ग्वालियर में 182.289 हेक्टेयर भूमि पर 'टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन' के द्वितीय चरण की स्थापना तथा पांढुर्णा जिले के सौंसर में एसईजेड के स्थान पर औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए 'मध्यप्रदेश उद्योग संवर्धन नीति, 2025' में संशोधन करते हुए नीति प्रारूप -2026 को स्वीकृति दी गई है, जिससे मेगा औद्योगिक इकाइयों की परिभाषा का विस्तार होगा और स्वतंत्र अनुसंधान व विकास इकाइयों तथा उत्कृष्टता केंद्रों को भी पात्रता मिलेगी। एमएसएमई और स्टार्ट-अप क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए 10 करोड़ रुपये की प्राथमिक प्रदत्त पूंजी और 11 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान के साथ 'एमपी एमएसएमई लिमिटेड' नामक नई शासकीय कंपनी के गठन तथा निवेश संवर्धन कार्यों के लिए सीआईआई को एमपीआईडीसी व एमपीएसईडीसी का नेशनल पार्टनर नियुक्त करने को मंजूरी दी गई है। मंत्रि-परिषद ने शासकीय सेवकों के लिए बड़ा और बहुप्रतीक्षित निर्णय लेते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों से 'दो से अधिक जीवित संतान' संबंधी प्रावधान व स्पष्टीकरण विलोपित करने तथा इस आधार पर लंबित समस्त अनुशासनात्मक कार्यवाहियों को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। स्वच्छ ऊर्जा और हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए ओंकारेश्वर जलाशय के द्वितीय चरण में न्यूनतम 800 मेगावॉट-ऑवर की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली सहित 200 मेगावॉट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना स्थापित करने का अनुमोदन किया गया है। इसके अतिरिक्त 'मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति- 2025' में संशोधन करते हुए नवीन हवाई मार्गों पर वीजीएफ सहायता की अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर घरेलू मार्गों पर 4 वर्ष तथा अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर 2 वर्ष की गई है। कैबिनेट ने मादक पदार्थों के कारोबार को गम्भीरता से रोकने के लिए एनडीपीएस एक्ट के मामलों के त्वरित निराकरण के लिए भी बड़ा निर्णय लिया है।केबिनेट ने इंदौर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, भोपाल और रीवा में 6 विशेष न्यायालयों की स्थापना के लिए न्यायाधीशों एवं वरिष्ठ लोक अभियोजकों सहित कुल 72 पदों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
मंत्रि-परिषद के निर्णय के अनुसार इस पार्क में स्थापित होने वाली पात्र औद्योगिक इकाइयों को प्रचलित उद्योग संवर्धन नीति-2025 के अतिरिक्त विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों को एक रुपये प्रति वर्गमीटर प्रीमियम पर भूमि आवंटित की जाएगी। विद्युत टैरिफ के तहत वाणिज्यिक उत्पादन प्रारंभ होने की तिथि से 7 वर्ष तक 5 रुपये प्रति यूनिट की प्रभावी दर से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए पृथक डिस्ट्रीब्यूशन लाइसेंस प्राप्त करने के लिये एमपीआईडीसी को अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही, इकाइयों को प्रारंभिक 7 वर्षों के लिए 25 रुपये प्रति किलोलीटर की दर से औद्योगिक जल भी उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्रि-परिषद ने धार की बदनावर तहसील स्थित औद्योगिक क्षेत्र भैंसोला में 'वस्त्र एवं संबद्ध उद्योग पार्क, धार' की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है। यह पृथक औद्योगिक पार्क पीएम मित्र पार्क, धार से लगी एमपीआईडीसी के आधिपत्य की 842.88 एकड़ (लगभग 341.10 हेक्टेयर) भूमि पर स्थापित किया जाएगा, जिसका विकास, संचालन एवं संधारण एमपीआईडीसी द्वारा किया जाएगा। मंत्रि-परिषद ने शासकीय सेवकों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (सेवा की सामान्य शर्तें) नियम, 1961 के नियम-6 के उपनियम-(6) को विलोपित करने का अनुमोदन किया गया है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-22 के उप नियम-(4) में उल्लेखित 'दो से अधिक जीवित संतान' संबंधी स्पष्टीकरण को भी विलोपित करने का निर्णय लिया गया है।
मंत्रि-परिषद ने 'मध्यप्रदेश उद्योग संवर्धन नीति 2025' में महत्वपूर्ण संशोधनों की स्वीकृति दी है। इस निर्णय के अंतर्गत मेगा औद्योगिक इकाइयों की परिभाषा एवं पात्रता मानदंडों का विस्तार करने, कृषि, डेयरी व खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की परिभाषा तथा प्रोत्साहन प्रावधानों में बदलाव करने और स्वतंत्र अनुसंधान एवं विकास इकाइयों, परीक्षण प्रयोगशालाओं व उत्कृष्टता केंद्रों को नीति के तहत पात्रता देने को स्वीकृति दी गई है। मंत्रि-परिषद ने 'टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (टीएमजेड), ग्वालियर' के द्वितीय चरण (फेज-II) की स्थापना का अनुमोदन प्रदान किया गया है। मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए कंपनी अधिनियम, 2013 के अंतर्गत राज्य शासन के पूर्ण स्वामित्व वाली नवीन शासकीय कंपनी 'एमपी एमएसएमई लिमिटेड के गठन तथा इसके मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन को अनुमोदन प्रदान किया गया है। मंत्रि-परिषद ने उज्जैन में 'डीप-टेक अनुसंधान एवं नवाचार पार्क' को विकसित करने, संचालन और प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंत्रि-परिषद ने पांढुर्णा की सौंसर तहसील में मेसर्स छिंदवाड़ा प्लस डेव्हलपर्स लिमिटेड, नागपुर द्वारा प्रस्तावित मल्टी प्रोडक्ट स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एसईजेड) के स्थान पर औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की स्वीकृति दी है। मंत्रि-परिषद ने उज्जैन के नौलखी के लगभग 210 हेक्टेयर क्षेत्र में उज्जैन फॉरेस्ट ज़ू एवं रेस्क्यू सेंटर की स्थापना की नवीन योजना का सैद्धांतिक अनुमोदन दिया है। योजना का उद्देश्य वन्य प्राणी संरक्षण, पश्चिमी मध्यप्रदेश हेतु वन्य प्राणी रेस्क्यू एवं पुनर्वास की सुविधा, संरक्षण शिक्षा तथा उज्जैन के पर्यटन को बढ़ावा देना है। मंत्रि-परिषद ने श्री राधे विश्वविद्यालय, मुरैना की स्थापना से संबंधित म.प्र. निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) संशोधन विधेयक- 2026 को विधानसभा में पुरःस्थापित कर पारित कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए अनुमोदन किया।
मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में हवाई संपर्क का विस्तार करने के उद्देश्य से 'मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति, 2025' में संशोधन की स्वीकृति दी है। मंत्रि-परिषद ने रीवा के श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय में चिकित्सा सुविधाओं को विकसित करने के लिए 414 करोड़ 17 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है।