नईदिल्ली (25 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से भेंट कर राज्य के विकास कार्यों के लिए चर्चा की। उन्होंने कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश से संबंधित विभिन्न लंबित वित्तीय विषयों, प्रदेश की विकासात्मक प्राथमिकताओं तथा राज्य के आर्थिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें प्रदेश के समग्र विकास, वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों से भी अवगत करवाया।
इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश से संबंधित जल शक्ति विभाग के विभिन्न विषयों और प्रदेश से जुड़े लंबित विषयों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में जल संसाधनों के विकास, पेयजल उपलब्धता तथा जल जीवन मिशन सहित जल शक्ति मंत्रालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।