Thursday, 26 Nov 2026

काला सागर में 'फूड कॉरिडोर' बनाने की पेशकश

नईदिल्ली (12 नवंबर 26)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में भारत अब केवल शांति की अपील तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि दोनों देशों के बीच ठोस कूटनीतिक पहल के जरिये वैश्विक खाद्य आपूर्ति बहाल कराने की कोशिश कर रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद कहा कि भारत काला सागर के रास्ते खाद्य आपूर्ति के लिए सुरक्षित गलियारे यानी 'फूड कॉरिडोर' बनाने में मध्यस्थता करने को तैयार है। इस पहल का मकसद रूस और यूक्रेन के हमलों से प्रभावित समुद्री व्यापार को फिर से सुरक्षित बनाना है। इससे भारत को खाद्य तेल की आपूर्ति, अपने नागरिकों की सुरक्षा और वैश्विक कूटनीति में अपनी भूमिका मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि भारत खाद्य गलियारे स्थापित करने में मध्यस्थता करने को तैयार है और यूक्रेन को उम्मीद है कि ये प्रयास जारी रहेंगे। दोनों नेताओं के बीच काला सागर में अनाज निर्यात रोकने से पैदा हुई समस्या पर चर्चा हुई। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में खाद्य गलियारों या काला सागर का सीधे उल्लेख नहीं किया। उन्होंने केवल शांतिपूर्ण समाधान के लिए हरसंभव योगदान देने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। इस बीच, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बातचीत की। इसमें युद्ध और जारी कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा हुई। भारत ने अभी तक खाद्य गलियारे को लेकर कोई औपचारिक योजना सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन पिछले कुछ सप्ताह से भारतीय अधिकारी इस दिशा में प्रस्तावों पर काम कर रहे हैं। सितंबर में यूक्रेन की यात्रा के दौरान जयशंकर ने काला सागर में जहाजों और ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने की संभावनाओं पर चर्चा की थी। चार अक्टूबर को उन्होंने कहा था कि भारत रूस और यूक्रेन दोनों से समुद्री जहाजों की सुरक्षा, अनाज और ऊर्जा निर्यात तथा हमले रोकने की संभावनाओं पर बातचीत कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय संकट समूह के वरिष्ठ भारत विश्लेषक प्रवीण डोंथी के मुताबिक, भारत हाल के दिनों में चुपचाप लेकिन सक्रिय रूप से कूटनीतिक प्रयास कर रहा है। पहले भारत मध्यस्थता की भूमिका को लेकर सतर्क था और केवल बातचीत तथा कूटनीति की अपील करता था। लेकिन जयशंकर की सितंबर की यात्रा को इस दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव माना गया।

अक्टूबर की शुरुआत तक यूक्रेन को भारत, तुर्किये, मिस्र और अमेरिका की ओर से संघर्ष विराम के चार प्रस्ताव मिले थे। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा ने भारत के प्रस्ताव को सबसे व्यापक बताया था, क्योंकि इसमें काला सागर के साथ ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने की बात भी शामिल है। अमेरिकी प्रस्ताव में केवल ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने का सुझाव है। यूक्रेन का कहना है कि वह ऊर्जा ढांचे और काला सागर, दोनों पर एक साथ हमले रोकने के समझौते को स्वीकार करेगा। दूसरी ओर, रूस ने अलग-अलग क्षेत्रों में आंशिक संघर्ष विराम के प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया है। उसका जोर व्यापक शांति समझौते पर है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!