Wednesday, 18 Nov 2026

कांग्रेस ने हरदीप पुरी को लेकर उठाए सवाल

भोपाल (29 अक्टूबर 26)। कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता के हितों एवं सम्मान की अनदेखी कर अपने सियासी समीकरण साधना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कार्यशैली बन गई है। भाजपा ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री पुरी को मध्यप्रदेश से उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में एपस्टीन फाइल्स के संदर्भ में कथित तौर पर पुरी का नाम सामने आने का उल्लेख किया और भाजपा से पूछा कि नैतिकता की बात करने वाली पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजने का निर्णय कैसे ले सकती है। सिंघार ने कहा कि भाजपा महिलाओं की सुरक्षा और लाडली बहना योजना की बात करती है, लेकिन उसे यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे विवादों के बीच पुरी को उम्मीदवार बनाने का आधार क्या है। उन्होंने सवाल किया कि राज्यसभा भेजने के लिए क्या भारतीय जनता पार्टी को मध्यप्रदेश से दलित, आदिवासी तथा अन्य पिछड़ा वर्ग का कोई योग्य नेता नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने से मध्यप्रदेश के साथ भाजपा के कथित भेदभाव का मुद्दा फिर सामने आया है।

सिंघार ने कहा कि भाजपा की इस राजनीति से स्पष्ट है कि वह मध्यप्रदेश को अपने राजनीतिक प्रयोगों की प्रयोगशाला समझती है। उन्होंने कहा, 'मध्यप्रदेश की जनता के हितों और सम्मान की अनदेखी कर अपने सियासी समीकरण साधना भाजपा की कार्यशैली बन गई है। हम मध्यप्रदेश को भाजपा की प्रयोगशाला नहीं बनने देंगे।' कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि हरदीप सिंह पुरी को सत्ता में शामिल रखने के पीछे की विवशता बता रही है कि कहीं कुछ तो ऐसा जरूर है, जिसने भाजपा की नस दबा रखी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने एक बयान जारी कर कहा, 'मध्यप्रदेश पहले से ही बच्चियों से दुराचार में देश मे नंबर एक है। अब बच्चियों के 'इंटरनेशनल दुराचारी' के दोस्त को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजना प्रदेश को कलंकित करता है।' 

Tags:

Follow us

This question is not available..!