Wednesday, 25 Nov 2026

कपल ने शादी में मेहमानों पर लुटाया खूब प्यार

बीजिंग (22 अक्टूबर 26)। शादी को भव्य बनाने के लिए महंगी सजावट, लग्जरी गाड़ियों का काफिला, बैंड-बाजा और वीडियो शूट पर लाखों रुपये खर्च करना आम बात है। लेकिन चीन के एक जोड़े ने इन सब चीजों से दूरी बनाकर शादी का ऐसा तरीका अपनाया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। इस कपल ने दिखावे के बजाय मेहमानों के अच्छे खाने और उन्हें नकद उपहार देने पर पैसा खर्च किया। इनका मानना था कि शादी का असली मकसद परिवार और दोस्तों के साथ खुशी बांटना है, न कि रस्मों और शान-शौकत की होड़ में पैसा बहाना।

‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के झेजियांग प्रांत में रहने वाले इस जोड़े ने सितंबर में अपने-अपने गृह नगरों में शादी के कार्यक्रम आयोजित किए। दुल्हन झू निंगबो की रहने वाली हैं, जबकि दूल्हे वांग का संबंध ताइझोउ से है। दोनों की उम्र करीब 30 साल है। कपल ने अपनी शादी को ‘फोर नोज’ यानी ‘चार नहीं’ वाली शादी का नाम दिया। उन्होंने चार पारंपरिक इंतजामों से दूरी बनाई। पहला, दुल्हन को लेने के लिए अलग से कोई खास आयोजन नहीं किया गया। दूसरा, दूल्हे के साथ महंगी गाड़ियों का काफिला नहीं निकाला गया। तीसरा, शादी में कार्यक्रम संचालित करने के लिए कोई एंकर नहीं बुलाया गया। चौथा, शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए वीडियोग्राफर भी नहीं रखा गया। शादी में दिखावे से बचने का मतलब यह नहीं था कि कपल ने मेहमानों की खातिरदारी में कोई कमी रखी। रिपोर्ट के अनुसार, दुल्हन के गृह नगर निंगबो में आयोजित दावत के लिए 45 मेज लगाई गईं। इस पर करीब 70 हजार चीनी युआन यानी लगभग 11 हजार अमेरिकी डॉलर खर्च किए गए। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 9 से 10 लाख रुपये के आसपास है।  दावत में महंगे समुद्री खाद्य पदार्थों सहित कई शानदार पकवान परोसे गए। कपल ने उन इंतजामों पर खर्च नहीं किया, जिन्हें वे गैरजरूरी मानते थे, लेकिन मेहमानों के खाने की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया।

इस शादी का एक और खास पहलू मेहमानों को उपहार देने का तरीका था। चीन में शादी के अवसर पर मेहमानों को सिगरेट देने की परंपरा है। हालांकि, इस जोड़े ने इसके बजाय लाल लिफाफों में नकद पैसे दिए। रिपोर्ट के मुताबिक, मेहमानों को 200 से 300 चीनी युआन तक दिए गए। इस तरह कपल ने पारंपरिक उपहारों के स्थान पर ऐसा विकल्प चुना, जिसका मेहमान सीधे इस्तेमाल कर सकते थे। दुल्हन झू ने बताया कि वह और उनके पति शांत स्वभाव के हैं। उन्हें शोर-शराबे और भीड़भाड़ वाले आयोजन पसंद नहीं हैं। उन्होंने पहले कई बड़ी शादियां देखी थीं, जिनमें तैयारियों और रस्मों के कारण दूल्हा-दुल्हन से लेकर माता-पिता तक काफी थक जाते थे। इसी अनुभव ने उन्हें अपनी शादी सादगी से करने के लिए प्रेरित किया। वे नहीं चाहते थे कि शादी के आयोजन के कारण उनके माता-पिता को अनावश्यक तनाव और परेशानी झेलनी पड़े।  

Tags:

Follow us

This question is not available..!