Friday, 27 Nov 2026

कन्सास में 94 साल बाद डेमोक्रेट के पादरी एडम जीते

कन्सास (05 नवंबर 26)। अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका दिया है। कन्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एडम हैमिल्टन ने रिपब्लिकन उम्मीदवार रोजर मार्शल को हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ वह 94 साल बाद कन्सास से अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले पहले डेमोक्रेट बन गए हैं। कन्सास को लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यहां पिछले 94 वर्षों से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार सीनेट चुनाव नहीं जीत सके थे। एडम हैमिल्टन ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए रिपब्लिकन पार्टी के दबदबे का अंत कर दिया।

चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक, एडम हैमिल्टन को 5,56,414 वोट मिले, जो कुल मतदान का 50.09 प्रतिशत है। वहीं रिपब्लिकन उम्मीदवार रोजर मार्शल को 5,03,230 वोट यानी करीब 46 प्रतिशत मत मिले। निर्दलीय उम्मीदवार डेविड ग्राहम को 32,934 वोट हासिल हुए, जो लगभग 3 प्रतिशत हैं। एडम हैमिल्टन की जीत इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि कन्सास को रिपब्लिकन पार्टी की सबसे सुरक्षित सीनेट सीटों में गिना जाता था। साल 1932 में जॉर्ज मैकगिल के बाद पहली बार किसी डेमोक्रेट ने यहां से सीनेट चुनाव जीता है। इससे पहले 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने कन्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पर करीब 16 प्रतिशत की बढ़त हासिल की थी। इसके बावजूद सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। कन्सास में ईंधन और उर्वरकों की बढ़ती कीमतें भी चुनावी मुद्दा बनीं। ईरान के खिलाफ युद्ध के कारण ऊर्जा और कृषि से जुड़ी लागत बढ़ने का असर इस क्षेत्र के मतदाताओं पर पड़ा।

Tags: