Thursday, 26 Nov 2026

कट्टरपंथियों ने टैगोर की तस्वीर पर कालिख पोती

खुलना (08 नवंबर 26)। बांग्लादेश के खुलना शहर में रवींद्रनाथ टैगोर के भित्तिचित्र को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई है। स्थानीय समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के अनुसार, टैगोर की यह तस्वीर खुलना रेलवे स्टेशन की बाहरी दीवार पर बनाई गई थी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि किसी ने तस्वीर पर काली स्याही डालकर उसे खराब कर दिया है। इस दीवार पर क्षेत्र की कला, साहित्य और संस्कृति में योगदान देने वाली कई अन्य प्रमुख हस्तियों के चित्र भी बनाए गए थे। इनमें फकीर लालन शाह, चित्रकार एसएम सुल्तान, काजी नजरुल इस्लाम, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया, पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान और माइकल मधुसूदन दत्त शामिल हैं। इन तस्वीरों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

टैगोर के भित्तिचित्र के पास दो पोस्टर भी लगाए गए थे। इनमें से एक पोस्टर पर लिखा था, ''तितुमीर के बंगाल में टैगोर के लिए कोई जगह नहीं है, जो मुसलमानों और पूर्वी बंगाल के विरोधी थे। यहां भारत का महिमामंडन करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।'' इन पोस्टरों के सामने आने के बाद घटना को लेकर विवाद और गहरा गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनका उद्देश्य क्या था।  खुलना सदर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी लोकमान हुसैन ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद जांच शुरू कर दी गई। 'द ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, हुसैन ने बताया कि शुक्रवार को सड़क के दूसरी ओर स्थित सभी दुकानें बंद थीं। ऐसे में यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है कि किसने और किस समय भित्तिचित्र को नुकसान पहुंचाया।

खुलना सिटी कॉरपोरेशन के प्रशासक नजरुल इस्लाम मंजू ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दीवार पर बनाई गई ये कलाकृतियां बच्चों और किशोरों में स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देने में मदद करती हैं।  उन्होंने कहा कि तस्वीर को खराब करने वालों ने अपनी संकीर्ण सोच और बीमार मानसिकता उजागर की है।  गौरतलब है कि खुलना सिटी कॉरपोरेशन ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान के खुलना दौरे से पहले इन कलाकृतियों का निर्माण करवाया था।  बांग्लादेश में टैगोर के भित्तिचित्र को नुकसान पहुंचाने की यह पहली घटना नहीं है। अक्टूबर में राजधानी ढाका में भी टैगोर की एक तस्वीर को विरूपित किया गया था। उस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया था। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!