Tuesday, 24 Nov 2026

एमओयू: देश में बनेगी नई मिसाइल फैक्ट्री

अमरावती (18 नवंबर 26)। पाकिस्तान और चीन से दोहरी सामरिक चुनौती के बीच भारत अपनी मिसाइल ताकत को नई धार देने की तैयारी में है। देश में अब ऐसी स्वदेशी मिसाइलें विकसित और निर्मित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है, जो दुश्मन के ड्रोन और मानवरहित विमानों को निशाना बनाने में सक्षम होंगी।  भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य तैयारियों को मजबूत करने के लिए मिसाइलों तथा सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा दे रहा है। इसी दिशा में रक्षा क्षेत्र की कंपनी IG डिफेंस ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ नेल्लोर में 200 एकड़ में मिसाइल विकास एवं निर्माण कॉम्प्लेक्स स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता आंध्र प्रदेश के IT मंत्री नारा लोकेश और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू की मौजूदगी में हुआ।

प्रस्तावित परियोजना का उद्देश्य स्वदेशी मिसाइल तकनीक विकसित करना और देश में हथियारों के निर्माण की क्षमता बढ़ाना है। दुनिया में हाल के सैन्य संघर्षों, विशेषकर पश्चिम एशिया में जारी युद्ध ने आधुनिक रक्षा प्रणालियों के सामने नई चुनौतियां खड़ी की हैं। इन संघर्षों में मिसाइलों, हवाई रक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाले इंटरसेप्टर और सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लंबे सैन्य अभियानों के दौरान हथियारों का भंडार तेजी से घट सकता है। ऐसे में केवल आधुनिक हथियार विकसित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनका बड़े पैमाने पर उत्पादन करने की क्षमता भी जरूरी है। भारत के सामने दो संवेदनशील सीमाओं पर सुरक्षा चुनौतियां हैं। इसके अलावा ड्रोन और अन्य मानवरहित हवाई उपकरणों से पैदा होने वाले खतरे भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में स्वदेशी मिसाइल निर्माण क्षमता विकसित करना भारत की रणनीतिक जरूरत बन गया है। नेल्लोर में बनने वाले कॉम्प्लेक्स में स्वदेशी मिसाइल विकास, माइक्रो-मिसाइल तकनीक, प्रणोदन प्रणाली और सटीक निशाना लगाने वाली क्षमताओं पर काम किया जाएगा। इस परियोजना के प्रमुख कार्यक्रमों में 'ज्वाला' (JWALA) स्वदेशी माइक्रो-मिसाइल कार्यक्रम शामिल है।  इसका उद्देश्य ड्रोन और बिना चालक वाले हवाई प्लेटफॉर्म जैसे छोटे तथा अपेक्षाकृत कम लागत वाले खतरों का मुकाबला करना है। आधुनिक युद्ध में बड़ी संख्या में ड्रोन का इस्तेमाल पारंपरिक हवाई रक्षा प्रणालियों पर दबाव बढ़ा सकता है। ऐसे में कम लागत वाली माइक्रो-मिसाइल तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।  आईजी डिफेंस के मुताबिक, ज्वाला कार्यक्रम के तहत विकसित ठोस ईंधन वाले रॉकेट मोटरों का सफल परीक्षण किया जा चुका है। इससे कंपनी के मिसाइल विकास कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!