Wednesday, 18 Nov 2026

एचआर-सीएसआर कॉन्फ्रेंस अभ्युदय का शुभारंभ

भोपाल (24 अक्टूबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जहां गीता समाप्त होती है, वहीं से जीवन का अभ्युदय प्रारंभ होता है। हमारे समाज के लिए एक आदर्श है भगवान श्री कृष्ण का पूरा जीवन। हम सब उनके जीवन से प्रतिदिन कुछ न कुछ सीखते ही हैं। उन्होंने अपना सारा जीवन चुनौतियों के बीच व्यतीत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण तत्कालीन लोकतांत्रिक परम्पराओं के सच्चे और महान नायक थे। उन्होंने जीवन की हर परिस्थिति में अपना मानव धर्म और राजधर्म निभाया। उन्होंने एक सर्वशक्तिमान सत्ताधीश (कंस) का वध तो किया , परन्तु खुद उसकी सत्ता पर नहीं आसीन नहीं हुए। उन्होंने कभी खुद को राजा कहलाना पसंद नहीं किया। सुदामा के साथ मित्रता का सदैव मान रखा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार म.प्र. में जहां-जहां भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरण पड़े, उन स्थानों को श्री राम वन गमन पथ और श्री कृष्ण पाथेय का निर्माण कर इन्हें श्रीराम तीर्थ और श्रीकृष्ण तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर गहन शोध और सम्पूर्ण जीवन वृत्त की मीमांसा करने वाले शोधार्थियों और ऐसी संस्थाओं को हमारी सरकार पूरा साथ, समर्थन और सहयोग भी देगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में फोर्थ नेशनल कांफ्रेंस फॉर एचआर-सीएसआर 'अभ्युदय' को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस 2 दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। यह कॉन्फ्रेंस 25 अक्टूबर को भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इंडोनेशिया से आए पद्मश्री डॉ. अगुष इंद्र उद्याना ने एक पारम्परिक घंटी भेंट की। डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण सहित सभी देवी-देवताओं के व्यक्तित्व के उस पक्ष पर मंथन की जरूरत है, जब उनके जीवन में चुनौतियां आईं और किस प्रकार से उन्होंने मानव समाज के कल्याण के लिए मार्ग निकाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने 11 मेडल जीते, इनमें से 5 स्वर्ण पदक हैं। प्रदेश में शासकीय स्तर पर 18 अकादमी संचालित हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार ने तीन स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की घोषणा की है। डॉ. यादव ने उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से परस्पर संवाद में कहा कि एक ग्लोबल स्किल पार्क भी भोपाल में है। 

अपर मुख्य सचिव संस्कृति और श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के न्यासी सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में विरासत को संरक्षित करने वाली सरकार है। श्रीकृष्ण पाथेय के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सभी स्थलों को तीर्थ स्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के संयोजक डॉ. विक्रांत सिंह तोमर ने कहा कि जब जीवन में शांति आती है, तब यही शांति आत्मिक समृद्धि भी लाती है। उन्होंने कॉन्फ्रेंस की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला।कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ यादव के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, पद्मश्री डॉ. एचआर नागेंद्र, अद्वैत गणनायक सहित देश के उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि, प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत समर्पित कार्यकर्ता, भारतीय ज्ञान परम्परा के विद्वान और देश की प्रमुख कंपनियों से आए कॉर्पोरेट प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।




Tags:

Follow us

This question is not available..!