इंदौर (07 नवंबर 26)। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर 2026 को सी-21 मॉल इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग ने बड़ा पत्र जारी किया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सी-21 मॉल के मैनेजर को पत्र लिखकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
पत्र में कहा गया है कि कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ये गीत न गाएं - पटियाला पेग, 5 तारा होटल, जेब विचों फीम लब्बिया और जिथे हुंदी आ पाबंदी हथियारा दी...। विभाग का कहना है कि ये गाने छोटे बच्चों पर गलत प्रभाव डालते हैं और शराब-नशे के उपयोग के लिए प्रेरित करते हैं। कॉन्सर्ट में 5 साल से बड़े बच्चों का प्रवेश रखा गया है। यह कार्रवाई चंडीगढ़ निवासी डॉ. पंडितराव धारेनावर के 1 नवंबर 2026 के पत्र के बाद की गई है, जिसमें उन्होंने बच्चों को स्टेज पर न बुलाने और बुलेट बेल्ट न पहनने की भी मांग की थी।