Thursday, 26 Nov 2026

अयोध्या में सीधे मुकाबले के लिए तैयार हूं: योगी

गोरखपुर (20 नवंबर 26)। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उनकी चुनौती को स्वीकार करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह सीधे मुकाबले के लिए तैयार हैं, लेकिन चुनौती देने वालों में आमने-सामने का मुकाबला करने की हिम्मत नहीं है। गोरखपुर के कैपियरगंज क्षेत्र में राज्य के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन और 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को योगी संबोधित कर रहे थे। योगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया और कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख का नाम लिये बिना कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी गयी है और अगर चुनौती देने वाला खुद वहां से नामांकन दाखिल करता है तो वह भी वहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा, 'आपने कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए। मैंने कहा, आगे बढ़िए और अपना नामांकन दाखिल कीजिए, मैं भी अपना दाखिल कर दूंगा। आइए, एक बार सीधे एक-दूसरे के सामने हों। आप बेवजह परेशान क्यों हो रहे हैं ।'  इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए रामभक्तों पर गोली चलाने वालों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, उन पर लाठियां बरसाईं और हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया, वे अब भगवान राम को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जब कोई भक्त हर समय-सोते, जागते, बैठते या खड़े होते-राम को याद करता है, तो भगवान राम उसकी रक्षा करते हैं।' उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिये बगैर कहा कि हैदराबाद से आए मौलाना यहां मचल रहे हैं। उन्होंने यह टिप्पणी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन के संदर्भ में की। आदित्यनाथ ने दावा किया, 'इन लोगों (विपक्षी दलों) ने इतना लूटा है और विदेशों में इतनी बड़ी संपत्तियां जमा कर ली हैं कि उनकी कई पीढ़ियां वहां आराम से रह सकती हैं। उन्हें न देश की चिंता थी, न राज्य की।' उन्होंने सपा-कांग्रेस पर गुंडागर्दी को बढ़ावा देने, दंगाइयों को खुश करने और माफिया तत्वों के साथ साझेदारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने कार्यकाल के दौरान सपा ने कब्रिस्तानों के नाम पर दलितों, निषादों, यादवों, संथवारों, पासियों, ब्राह्मणों और अन्य समुदायों की जमीन हड़प ली थी, और सरकारी धन का इस्तेमाल करके चहारदीवारी बनवाई थी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!