वाशिंगटन (15 नवंबर 26)। अमेरिका में हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में खराबी के कारण शुक्रवार को देशभर में उड़ानों पर लगी रोक हटने के बावजूद शनिवार को 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हुए और खेल टीमों को अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने पड़े। अमेरिका में पिछले 25 वर्ष में पहली बार देशभर में इतनी लंबी अवधि के लिए उड़ानें रोकी गईं और विमानन कंपनियां अब अपनी सेवाएं सामान्य करने की कोशिश कर रही हैं। अमेरिकी प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि देश की हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में नयी प्रौद्योगिकी जोड़े जाने से पुराने उपकरणों पर अत्यधिक दबाव पड़ा जिसके कारण संचार एवं रडार सेवाओं में 'रुक-रुककर' बाधा आई और चार घंटे से अधिक समय तक उड़ानें रोकनी पड़ीं। अमेरिका के पूर्वी समयानुसार शुक्रवार रात करीब आठ बजकर 15 मिनट पर रोक हटने के बाद सीमित संख्या में घरेलू उड़ानें रवाना हुईं। हालांकि, इसका असर कई दिनों तक रह सकता है।
अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि 'थैंक्सगिविंग' के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों के यात्रा करने तक व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। अमेरिका में जनवरी 2023 के बाद यह पहली बार है जब देशभर में उड़ानें रोकी गईं। उस समय संघीय विमानन प्रशासन की पायलटों को सूचनाएं भेजने वाली एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर प्रणाली में खराबी आ गई थी। वहीं, 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों के बाद यह दूसरा मौका है जब देशभर में उड़ानों पर रोक लगाई गई। अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों पर यात्री उड़ानों में देरी की सूचना देने वाली स्क्रीन देखते रहे, जबकि कुछ लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों और ट्रेनों की तलाश में जुट गए। कुछ यात्रियों ने गाने गाकर समय बिताया। सप्ताहांत में मैच खेलने वाली खेल टीमों को मैच शुरू होने का समय बदलना पड़ा। परिवहन मंत्री शॉन डफी ने 'नेशनल कॉलेजिएट एथलेटिक एसोसिएशन' की फुटबॉल टीमों को संघीय विमानन प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी, ताकि शनिवार के मैचों के लिए उनकी उड़ानों को प्राथमिकता दी जा सके। उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटअवेयर' के अनुसार, शनिवार को अमेरिका में 2,500 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और सैकड़ों अन्य उड़ानों में देरी हुई।
अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने 'व्हाइट हाउस' में पत्रकारों से कहा कि शुक्रवार को 3,000 से अधिक विमानों को सुरक्षित उतारा गया और किसी की जान को खतरा नहीं था। डफी ने नयी प्रौद्योगिकी के लिए अतिरिक्त धनराशि मंजूर नहीं करने को लेकर अमेरिकी संसद को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, उन्होंने इस तथ्य को ज्यादा महत्व नहीं दिया कि प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे बदलावों के कारण ही उस पर अत्यधिक दबाव पड़ा था। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में भी ऐसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। डफी ने कहा, 'हमें नहीं लगा था कि सेवाओं में इस तरह की बाधा आएगी, लेकिन ऐसा हुआ। हम यह पता लगाने में सफल रहे कि क्या गड़बड़ी हुई थी। इसके बाद हमने प्रणाली को दोबारा चालू किया और काम शुरू हो गया। हालांकि, ऐसी समस्याएं फिर सामने आ सकती हैं।' उन्होंने कहा कि इस समस्या का एफएए की उस नयी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित प्रणाली से कोई संबंध नहीं था, जिसे हवाई यातायात में संभावित समस्याओं का पहले से अनुमान लगाने के लिए लागू किया जा रहा है।