Friday, 27 Nov 2026

अमिताभ को फिर धमकी: बुलेटप्रूफ भी नहीं बचा पाएंगे

मुंबई (18 नवंबर 26)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दोनों अभिनेताओं को निशाना बनाने की बात कही है। खबरों के मुताबिक, गोल्डी ने सोमवार को फेसबुक पर पोस्ट डाली है। इसमें उसने दावा किया कि मुंबई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा उसके दो साथियों की गिरफ्तारी से उसके गैंग के कामकाज पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उसने यह भी कहा कि इन गिरफ्तारियों से उनके कथित हमले की योजनाएं रुकने वाली नहीं हैं और बुलेटप्रूफ शीशे जैसी सुरक्षा भी उन्हें बचा नहीं पाएगी। 

गैंगस्टर ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी विकास ठाकुर और दीपक सिंह उसके ही गिरोह का हिस्सा हैं। किसी और अन्य गैंग से उनका कोई ताल्लुक नहीं है। इतना ही नहीं उन्होंने मुंबई में 200 और साथियों के होने का दावा किया है। उसके मुताबिक, ये सभी अपने काम को अंजाम देने के लिए तैयार हैं। उसने साफ़ तौर पर  कहा कि उसके दो सहयोगियों की गिरफ्तारी उनके नेटवर्क को प्रभावित नहीं करेगी। पोस्ट में गैंगस्टर ने दोनों बाप-बेटे को को जान से मारने की धमकी दी है और कहा कि चाहे जितने मर्जी बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, इन्ही के अंदर से दोनों को मारा जाएगा। 

अपनी पोस्ट में गैंगस्टर ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए यह धमकी दी है कि इन दंगों के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उसने कहा है कि ऐसे लोगों को दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढ निकाला जाएगा, चाहे उनकी पहचान कुछ भी हो, और उन्हें निशाना बनाया जाएगा।

Tags: