Thursday, 26 Nov 2026

अफ्रीका में भारत की रक्षा ताकत बढ़ाएगा टाटा ग्रुप

मोरक्को (19 अक्टूबर 26)। भारतीय उद्योग समूह टाटा की रक्षा उत्पादन इकाई मोरक्को में अपनी विनिर्माण गतिविधियों का विस्तार कर सकती है। अफ्रीका के प्रमुख विनिर्माण देशों में शामिल मोरक्को में कंपनी पहले से ही बख्तरबंद सैन्य वाहन बना रही है। अब वहां हल्के बहुउद्देशीय बख्तरबंद वाहन (एलएएमवी) के उत्पादन की संभावना जताई जा रही है।हालांकि, मोरक्कोवर्ल्डन्यूज की रिपोर्ट में सामने आई इस योजना की टाटा की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि यह योजना आगे बढ़ती है, तो इससे उत्तरी अफ्रीका में कंपनी की रक्षा उत्पादन क्षमता बढ़ सकती है और क्षेत्रीय बाजारों में उसकी पहुंच मजबूत हो सकती है।

टाटा की मोरक्को स्थित इकाई का नाम टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स मारोक है। इसकी स्थापना सितंबर 2025 में भारत और मोरक्को के बीच रणनीतिक साझेदारी के तहत की गई थी। इसका प्रमुख उद्देश्य मोरक्को की शाही सशस्त्र सेनाओं के लिए 8×8 पहियों वाले बख्तरबंद लड़ाकू वाहन बनाना है। भविष्य में इन वाहनों की आपूर्ति अन्य अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को भी की जा सकती है। कंपनी का कारखाना कैसाब्लांका के पास बेर्रेशिद में स्थित है। यह उत्तरी अफ्रीका में टाटा की पहली विदेशी रक्षा उत्पादन इकाई है। मोरक्को के राष्ट्रीय रक्षा प्रशासन की शुरुआती योजना के अनुसार, कारखाने में इस्तेमाल होने वाले 35 प्रतिशत कलपुर्जे स्थानीय स्तर पर जुटाए जाने थे। घरेलू आपूर्तिकर्ताओं की क्षमता बढ़ने के साथ इस हिस्सेदारी को 50 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, कारखाने का क्षेत्रफल लगभग 20,000 वर्ग मीटर है। इसके उद्घाटन के समय इससे सीधे तौर पर 90 रोजगार और अप्रत्यक्ष रूप से 250 अतिरिक्त रोजगार पैदा होने का अनुमान जताया गया था।  इस परियोजना का उद्देश्य केवल सैन्य वाहन बनाना नहीं है। इसके जरिए मोरक्को में रक्षा उद्योग को विकसित करना, कुशल रोजगार पैदा करना और देश को बख्तरबंद वाहनों के निर्माण तथा निर्यात का केंद्र बनाना भी शामिल है। अफ्रीकी देशों के बाजार इस रणनीति के लिए खास महत्व रखते हैं।यदि एलएएमवी के उत्पादन की योजना पर मुहर लगती है, तो मोरक्को में टाटा की रक्षा गतिविधियों का दायरा और बढ़ सकता है। लेकिन फिलहाल इसे प्रस्तावित विस्तार के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

Tags:

Follow us

This question is not available..!