Wednesday, 25 Nov 2026

'मोदी का बाप भी जाएगा', खरगे के बयान से बवाल

पटना (26 अक्टूबर 26)। बिहार के पटना में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति की टिप्पणी 'प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे' के जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की इस टिप्पणी पर विवाद शुरू हो गया कि 'मोदी का बाप भी जाएगा।' खरगे ने यह टिप्पणी उस वक्त की जब वह पटना में स्वतंत्रता सेनानी और बिहार के पहले मुख्यमंत्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

खरगे के इस बयान पर कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों को जेल भेजेगी, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति चिल्लाया, 'जब तक विद्रोह नहीं होगा, (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी कहीं नहीं जाएंगे।' कांग्रेस अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा।' खरगे की टिप्पणी पर भाजपा, जद(यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के वरिष्ठ नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, 'जिसका इस्तेमाल गुंडे और उपद्रवी करते हैं।'

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश की जनता 'इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी'। भाजपा ने अपने 'एक्स' हैंडल पर कहा, 'कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं... इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि खरगे ने 'पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।' शाह ने कहा, 'यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया।' 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे की टिप्पणी की निंदा की और कांग्रेस से माफी मांगने को कहा। चौधरी ने 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश में कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नरेन्द्र मोदी के पिता के खिलाफ जो बयान दिया है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पता चलता है कि कांग्रेस प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना रखती है।' केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि बार-बार चुनावी हार से निराश कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करके अपनी 'राजनीतिक खुन्नस' निकाल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के प्रति खरगे द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की जितनी कड़ी निंदा की जाए, उतनी कम है। 

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणियों को 'शर्मनाक और अमर्यादित' बताते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी से माफीनामे की मांग की। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन प्रसाद ने एक वीडियो बयान में कहा कि उनकी पार्टी खरगे की टिप्पणियों की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करती है। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने नरेन्द्र मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणी को अफसोसजनक बताया। केंद्रीय मंत्री और बिहार में राजग के सहयोगी दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का जिक्र करते समय मर्यादा बनाए रखना हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस को समझना चाहिए कि गाली देने से कोई नेता कमजोर नहीं होता, बल्कि इससे गाली देने वालों की सोच उजागर होती है।'



Tags:

Follow us

This question is not available..!