मुंबई (06 सितंबर 26)। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेगुलेटरी नियमों का पालन न करने पर देश की 5 प्रमुख कंपनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय बैंक ने विभिन्न मामलों में इन कंपनियों पर कुल करीब 45 लाख रुपये का मौद्रिक जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई की जद में देश के बड़े क्रेडिट ब्यूरो जैसे ट्रांसयूनियन सिबिल, CRIF हाई मार्क और इक्विफैक्स क्रेडिट इंफॉर्मेशन सर्विसेज के अलावा सम्मान फिनसर्व और हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस भी आए हैं।
RBI द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, विभिन्न नियमों की अनदेखी के चलते कंपनियों पर अलग-अलग मौद्रिक जुर्माना लगाया गया है, जिसका विवरण इस प्रकार है:- ट्रांसयूनियन सिबिल: 26,82,800 रुपये, CRIF हाई मार्क क्रेडिट इन्फॉर्मेशन सर्विसेज: 6,89,600 रुपये, इक्विफैक्स क्रेडिट इन्फॉर्मेशन सर्विसेज: 1,19,400 रुपये, हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस: 6,20,000 रुपये और सम्मान फिनसर्व: 4,20,000 रुपये। केंद्रीय बैंक ने इन कंपनियों द्वारा नियमों की अनदेखी और रेगुलेटरी आवश्यकताओं को पूरा करने में पाई गई खामियों के चलते यह दंडात्मक कार्रवाई की है। RBI ने इस कार्रवाई पर स्थिति साफ करते हुए कहा है कि यह जुर्माना केवल कंपनियों की ओर से रेगुलेटरी नियमों के पालन में मिली खामियों पर आधारित है। इसका अर्थ यह कतई नहीं है कि RBI ने कंपनियों और उनके ग्राहकों के बीच हुए किसी लेन-देन या समझौते की वैधता पर कोई टिप्पणी की है।