Saturday, 28 Nov 2026

सरकार-जनता के बीच निरंतर संवाद आवश्यक: सीएम

देवास (28 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और जनता के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। आमतौर पर जनसभाओं के माध्यम से संवाद होता है, लेकिन इस परंपरा को बदलते हुए हमारी सरकार ने युवाओं के बीच पहुंचकर उनसे सीधे बातचीत करने की पहल की है। केवल सरकार का बोलना और युवाओं का सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को भी अपने विचार रखने और सुझाव देने का अवसर मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात आज ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ के अंतर्गत देवास में आयोजित ‘यशस्वी युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने युवाओं के विचारों, अनुभवों और उपलब्धियों को जाना तथा उन्हें उद्यमिता, रोजगार, खेल एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार के लिए सहकार भी जरूरी है और संवाद भी। सकारात्मक विचारों से ही विकास के नये रास्ते खुलते हैं। सरकार युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनकी आकांक्षाओं को समझने के लिए जिलों में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। डॉ. यादव ने युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। प्रदेश में उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि रोजगारपरक उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे उद्योगों को श्रमिकों के लिए प्रोत्साहन और अनुदान की व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है, ताकि उद्योगों के विस्तार के साथ अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। इस दौरान मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, डॉ सुदाम खाड़े सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!